दातागंज। चीनी से लदे ट्रक को लेकर शाहजहांपुर से ग्वालियर जा रहे ट्रक चालक सुनील (40) की शुक्रवार की देर रात रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना बेलाडांडी पुल के पास हुई। अचानक हार्टअटैक आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बगल में बैठे दूसरे चालक की सतर्कता से ट्रक पलटने से बच गया।
जानकारी के अनुसार, सुनील ट्रक चला रहे थे। बेलाडांडी पुल के पास पहुंचते ही उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। वह ट्रक के स्टेयरिंग पर ही झुक गए। स्थिति को भांपते ही साथ में बैठे चालक धर्मेंद्र सिंह ने तत्काल स्टेयरिंग संभाल लिया और ट्रक को सुरक्षित नियंत्रित कर सड़क किनारे रोक दिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से चीनी से लदा ट्रक अनियंत्रित होने से बच गया।
इसके बाद धर्मेंद्र सिंह और स्थानीय लोगों की मदद से सुनील को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्टअटैक माना जा रहा है। चालक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।