उझानी के हजरतगंज गांव में हाईवे किनारे निर्माणाधीन नाला। संवाद
उझानी। दिल्ली हाईवे पर हजरतगंज गांव की नालियों का पानी भर जाने के बाद शुरू नाला निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। मनरेगा और क्षेत्र पंचायत निधि के करीब 23 लाख रुपये से सप्ताहभर में काम पूरा हो जाने की उम्मीद है। सड़क के गड्ढे भरने और उच्चीकरण का काम अब पीडब्ल्यूडी को पूरा करना है। फिलहाल, हाईवे की बंद चल रही एक लेन खोल दी गई है।
हजरतगंज में हाईवे के किनारे नाला निर्माण का कार्य जनवरी में शुरू हुआ था। नालियों के पानी के निकास न हो पाने के कारण सड़क लबालब हो गई थी। सड़क में गहरे गड्ढे भी हो गए। दुर्घटना की आशंका के चलते पीडब्ल्यूडी ने प्रभावित हाईवे की एक लेन पर आवागमन रोक दिया था। पीडब्ल्यूडी के अफसरों की ओर से दावा किया गया था कि ब्लॉक प्रशासन हाईवे किनारे नाला निर्माण कराए, उसके बाद ही वह क्षतिग्रस्त हाईवे के गड्ढे भरेंगे। चपेट में आई सड़क का उच्चीकरण भी कराया जाएगा।
बीडीओ सर्वज्ञ अग्रवाल के मुताबिक- करीब छह सौ मीटर दूरी के नाला निर्माण पर करीब 23 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। शुरूआत में मनरेगा से 10 लाख रुपये अवमुक्त किए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें क्षेत्र पंचायत निधि से बाकी की रकम देनी पड़ी। नाला निर्माण सात-आठ दिन में पूरा होने की उम्मीद है।
ग्राम पंचायत के सचिव अमोल पाराशर ने बताया कि फिलहाल हाईवे की एक बंद लेन खोल दी गई है। गड्ढे से होकर भारी वाहन निकल रहे हैं। हाईवे की सड़क के गड्ढे भरवाने के लिए उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अफसरों को अवगत करा दिया है। भारी वाहनों में रोडवेज बस गड्ढों की चपेट आई तो जनहानि भी हो सकती है।