बदायूं। नवागत सीएमओ डॉ. श्रीमोहन झा ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना वैध डिग्री के कोई भी अस्पताल संचालित नहीं होना चाहिए। यदि ऐसा पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने निर्देश दिए कि सभी तैनात डॉक्टर सुबह आठ बजे से ओपीडी में उपस्थित होकर मरीजों का उपचार शुरू करें। प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) सुबह नौ बजे से अपने-अपने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में नियमित रूप से बैठकर सेवाएं दें। इसके अलावा सभी एएनएम को निर्देशित किया गया है कि वे प्रत्येक बृहस्पतिवार को अपने उपकेंद्र पर उपस्थित रहकर मरीजों को उपचार व परामर्श प्रदान करें। सीएमओ ने अवैध चिकित्सा प्रतिष्ठानों पर विशेष नजर रखने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना पंजीकरण और योग्य डॉक्टर के नाम पर एलोपैथिक उपचार करने वाले अयोग्य व्यक्तियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि जनमानस के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो सके।