बदायूं। दिन में गर्मी और रात में सर्दी होने से लोग वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में सोमवार को 2215 मरीज वायरल बुखार से पीड़ित पहुंचे। महिला अस्पताल में डॉक्टर की कुर्सी 11 बजे तक खाली रही। महिलाओं को तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
शुक्रवार के बाद सोमवार सुबह आठ बजे खुले अस्पताल तो मरीजों की भीड़ पर्चा बनवाने के लिए लग गई। जिला अस्पताल में 1203 मरीजों ने पंजीकरण कराया। 816 मरीज वायरल से पीड़ित पाए गए, जिन्होंने ओपीडी में डॉक्टरों से दवा ली। वहीं महिला अस्पताल में पहुंचे मरीजों को 11 बजे तक डॉक्टरों का इंतजार करना पड़ा। यहां ओपीडी में एक भी डॉक्टर 11 बजे तक नहीं आया।
इसके बाद डॉक्टर पहुंचे तो पहले दवा लेने के लिए महिलाओं में होड़ रही। यहां 403 महिलाओं ने पर्चा बनवाकर दवा ली। अधिकांश महिला और बच्चे वायरल बुखार से पीड़ित पाए गए। मेडिकल कॉलेज में 1942 लोगों ने पंजीकरण कराया। मेडिकल काॅलेज के चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार का कहना है कि वायरल के मरीजों की संख्या अधिक रही है। वायरल तेजी से बढ़ रहा है। अभी कई दिन तक वायरल के मरीजों में इजाफा होगा।
डॉक्टरों को कई बार चेतावनी दी जा चुकी है, बावजूद इसके समय से नहीं पहुंच रहे। डीएम समेत विभाग के आला अफसरों को अवगत कराएंगे। मरीजों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।- डॉ. इंदुकांत वर्मा, सीएमएस महिला अस्पताल
वायरल बुखार से ऐसे बचें
-डॉ. अलंकार सोलंकी का कहना है कि अचानक से मौसम में बदलाव हुआ है। इससे वायरल का प्रकोप बढ़ गया है। इससे बचने का एक ही तरीका है कि अभी गर्म कपड़ों का साथ न छोड़ें। सुबह उठने के बाद गर्म पानी पीयें। थोड़ी देर धूप में बैठें। गर्मी में से आने के बाद पानी न पीयें। रात को कंबल ओढ़ना न छोड़ें।