बदायूं। सीएचसी प्रभारी (एमओआईसी) के साइकिल से हींग बेचते हुए वायरल वीडियो के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने रिपोर्ट एडी हेल्थ को भेज दी है। सीएमओ डॉ. यशपाल सिंह का कहना है कि जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। इधर, आशा वर्कर का एमओआईसी के खिलाफ आंदोलन अब भी जारी है।
एक सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी (एमओआईसी) का सोमवार को एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह साइकिल से सीएचसी परिसर में चक्कर लगाते हुए दूधिया हींग बेच रहे हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद डीएम ने एमओआईसी से स्पष्टीकरण मांगा था। एमओआईसी की ओर से इस मामले में अब तक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। सीएमओ डॉ. यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। विभागीय जांच चल रही है। अब तक एमओआईसी का स्पष्टीकरण नहीं आया है। इधर, एमओआईसी का एक व्हाट्सएप मैसेज भी चर्चा में है। इसमें उन्होंने लिखा है कि वह लीव पर जा रहे हैं। सीएमओ ने बताया कि मैसेज के संबंध में अभी काई जानकारी नहीं है।