जिला अस्पताल प्रशासन डीएम का आदेश भी नहीं मानता। डीएम पवन कुमार के आदेश के बावजूद जिला अस्पताल प्रशासन ने अब तक एंटी-रैबीज वैक्सीन की खरीद नहीं की है। ऐसे में दूर दराज ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुत्ता और बंदर काटे हुए लोगों को निजी डॉक्टरों की शरण में जाना हो रहा है।
जिला अस्पताल में पिछले महीने एआरबी वैक्सीन खत्म हो गई थी। करीब 15 दिन पहले डीएम पवन कुमार ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल प्रशासन को वैक्सीन की खरीद तत्काल करने के लिए कहा। सीएमएस डॉ. प्रवीना माहेश्वरी ने डीएम के आदेश को भी तवज्जो नहीं दी। जिला अस्पताल में एआरवी कक्ष के बाहर सूचना चस्पा कर दी गई है कि कुत्ता काटे के इंजेक्शन नहीं हैं। गौर करने वाली बात यह है कि जिला अस्पताल रोज करीब 200 ऐसे लोग पहुंच रहे हैं जिनको कुत्ता या बंदर ने काटा होता है। यहां वैक्सीन न होने की वजह से इनको मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।