बदायूं। दिवाली पर शनिवार को बाजारों में जबरदस्त भीड़ रही। लक्ष्मी-गणेश, हनुमान जी सहित कई देवी-देवताओं की मूर्तियां खरीदने से लेकर घरों को रोशन करने के लिए दीये, मोमबत्तियां और इलेक्ट्रिक झालरों की खूब खरीदारी हुई। घरों को सजाने के लिए लक्ष्मी-गणेश के स्टिकर सहित अन्य सामग्री भी जमकर खरीदी गई। इसके साथ मिठाई, ड्राई-फ्रूट्स की दुकानों पर सुबह से भीड़ रही। सौ करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार होने का अनुमान है।
शहर के मुख्य बाजार, बर्तनों के पुराना बाजार और सराफा बाजार में देर रात तक भीड़ रही। इलेक्ट्रिक झालरों के विक्रेता वसीम ने बताया कि घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए रंग-बिरंगी झालरें, एलईडी लाइट, फैंसी बल्ब और झालर वाली लड़ियां खूब खरीदी गईं।
दुकानदार दीपक ने बताया कि झालरें लंबाई के हिसाब से बिक रही हैं। उन्होंने बताया कि इस बार उनके पास 60 से लेकर 700 रुपये तक की झालरें खूब बिकीं। दुकानदारों के अनुसार, इस बार नई डिजाइन की झालरों की मांग ज्यादा रही। बच्चों के लिए कार्टून वाली लाइटें और घर के लिए गोल्डन व मल्टी कलर झालरें और पटाखा वाली झालरें खूब बिकीं। पिछले साल की तुलना में लोगों ने इस बार अधिक झालरें खरीदीं। पुलिस ने भी बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। देर शाम तक बाजारों में चहल-पहल बनी रही और लोग हंसी-खुशी के साथ दीपावली की तैयारियों में जुटे नजर आए।
खील खिलौना व बताशे खूब बिके
पूजा सामग्री की दुकानों पर खूब भीड़ रही। लोगों ने पूजा के लिए खील, खिलौना, परमल, बताशे, मखाना, कमल गट्टा, सिंदूर, रोली, अक्षत, कलावा, धूप, कपूर और अगरबत्ती की जरूरत के हिसाब से खरीदारी की। व्यापारी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि दीपावली की पूजा में खील-खिलौने का विशेष महत्व होता है, इसलिए इनकी बिक्री सबसे ज्यादा हुई। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भी थोक में खील-खिलौने खरीदे। वहीं, किराना स्टोरों पर भी भीड़ रही। लोगों ने पूजा के लिए घी, तेल, चीनी, मैदा, सूखे मेवे, मिठाई के लिए सामान, नमकीन और घर के लिए रोजमर्रा का सामान खरीदा।
मिट्टी के दीयों की 20 लाख की हुई खरीदारी
इस बार दिवाली पर जिलेभर में 20 लाख दीयों की बिक्री हुई है। पनवड़िया मोहल्ला और जालंधरी सराय में कुम्हारों की दुकानों पर सुबह से रात तक मिट्टी के दियों की बिक्री होती रही। अभी बिक्री का यह आंकड़ा रविवार को और बढ़ेगा।
विद्याराम ने बताया कि करवाचौथ के बाद ही से कुम्हारों ने दीयों को बनाना शुरू कर दिया था। छोटे-बड़े दीये, डिजाइनर दीये, रंगीन दीये और लक्ष्मी-गणेश वाले दीये खरीदे। कई लोगों ने मिट्टी के दीयों को प्राथमिकता दी, ताकि परंपरा भी बनी रहे और कुम्हारों को भी रोजगार मिले। पनवड़िया में ग्राहकों की भीड़ अधिक रही, ग्राहकों ने पूजा के लिए दीये चुन-चुनकर खरीदे। बाजार में मोमबत्ती की दुकानों पर भी ग्राहक मोमबत्ती को खरीदते हुए नजर आए।
खूब बिकीं लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति
महिला-पुरुषों ने लक्ष्मी-गणेश और कुबेर की मिट्टी और धातुओं से बनीं मूर्तियां खरीदीं। दुकानदार संंदीप ने बताया कि मिट्टी की मूर्तियां कोलकाता और दिल्ली से मंगाई हैं। दुकानदार के अनुसार, अब लोग मिट्टी की मूर्तियां ज्यादा शुभ मानते हैं। वह इको फ्रेंडली भी होती हैं। दुकानदार सुरजीत ने बताया कि आकर्षक रंगों और डिजाइनों में पोस्टर व स्टिकर सजाकर रखे थे। ग्राहक संगीता ने बताया कि घर के मुख्य द्वार पर लक्ष्मी जी के पद चिह्न लगाना शुभ रहता है, इसलिए इनकी मांग हर साल बढ़ रही है।
गिफ्टस में मिठाई और ड्राई फ्रूट्स बांटने काे बढ़ा चलन
दीपावली पर मिठाई और ड्राई फ्रूट्स की मांग खूब हुई। लोग उपहार में मिठाई के साथ काजू, बादाम, किशमिश और पिस्ता के गिफ्ट पैक दे रहे हैं। बाजार में 200 रुपये से लेकर 2000 रुपये तक के ड्राई फ्रूट्स के पैक उपलब्ध हैं। शिवम ने बताया कि शुद्ध देसी घी की मिठाई और ड्राई फ्रूट्स की बिक्री पिछले साल से अधिक हो रही है। लोग सेहत को देखते हुए मिठाई के साथ ड्राई फ्रूट्स को प्राथमिकता दे रहे हैं। 20 करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है।
बदायूं के छ: सड़का चौराहा पर घरों को सजाने के लिए झालरें खरीदती महिलाएं। संवाद
बदायूं के छ: सड़का चौराहा पर घरों को सजाने के लिए झालरें खरीदती महिलाएं। संवाद
बदायूं के छ: सड़का चौराहा पर घरों को सजाने के लिए झालरें खरीदती महिलाएं। संवाद
बदायूं के छ: सड़का चौराहा पर घरों को सजाने के लिए झालरें खरीदती महिलाएं। संवाद
बदायूं के छ: सड़का चौराहा पर घरों को सजाने के लिए झालरें खरीदती महिलाएं। संवाद