शासन के आदेश पर जिला जेल में रविवार को औचक छापामारी की गई। पुलिस और प्रशासनिक अमला दो घंटे तक कारागार में डटा रहा। एक-एक बैरक के साथ बंदियों और उनके सामान की भी तलाशी ली गई। इस दौरान जेल में बहुत कुछ नहीं बस बंदियों के पास बीड़ी, सिगरेट और माचिस मिलीं। हालांकि अधिकारी इसकी भी पुष्टि नहीं कर रहे हैं। छापामारी के दौरान जेल प्रशासन में हड़कंप मचा रहा।
प्रदेश की कई जेलों के अंदर से शातिर अपराधी अपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते हैं। कई बार जेलों में मोबाइल फोन भी बरामद होते हैं। रविवार को शासन के आदेश पर पूरे प्रदेश में जेलों पर छापामारी की गई। डीएम शंभूनाथ, एडीएम अशोक कुमार श्रीवास्तव, एसएसपी सौमित्र यादव, एसडीएम प्रदीप यादव, एसपी देहात बालेंदुभूषण सिंह, एसपी सिटी अनिल यादव, सीओ सिटी आरएस धामा पुलिस फोर्स और पीएसी के साथ 10 बजे जिला जेल पहुंचे। औचक छापामारी के दौरान बंदियों को बैरकों से बाहर निकाल दिया गया। पुलिस ने सभी बैरक खंगाले। इसके बाद बंदियों की तलाशी ली गई। जेल की रसोई समेत पूरे कारागार में दो घंटे तक सर्च अभियान चला। छापामारी के दौरान कुछ अनियमितताएं जरूर सामने आईं, लेकिन कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है।
डीएम शंभूनाथ ने जेलर अरविंद पांडेय को व्यवस्थाओं में और सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। सूत्र बताते हैं कि छापामारी के दौरान कुछ बंदियों के पास बीड़ी, सिगरेट और माचिस मिली। इसकी चर्चा भी है, लेकिन अफसर इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।