विक्रम को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित करते आयोजक। संवाद
बिल्सी। बदायूं बस स्टैंड के निकट खेल मैदान पर बजरंग क्लब की ओर से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को अनुज क्रिकेट क्लब बिल्सी और दिधौनी क्रिकेट क्लब के बीच मुकाबला हुआ। रोमांचक मुकाबले में दिधौनी क्रिकेट क्लब ने अनुज क्रिकेट क्लब बिल्सी को चार विकेट से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विक्रम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मुकाबले में अनुज क्रिकेट क्लब के कप्तान अनुज सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। निर्धारित 10 ओवर में उनकी टीम ने सात विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाए। टीम की ओर से सहने ने 29, रोहित कुमार ने 21, योगेश कुमार ने 17, आदिल ने 11 तथा बाबू ने छह रन का योगदान दिया। दिधौनी की ओर से गेंदबाजी में देव ने तीन विकेट, विक्रम ने दो तथा संजय ने एक विकेट लिया।
132 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिधौनी क्रिकेट क्लब की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और चार विकेट से जीत दर्ज की। टीम की ओर से सुभाष चंद्र ने 34, विक्रम ने 28, अनुज ने 23, प्रियांशु ने 22 तथा संजय ने 10 रन बनाए। अनुज क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में बाबू ने दो विकेट, जबकि योगेश कुमार, शाहन और शिवी ने एक-एक विकेट हासिल किया।
मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले विक्रम को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भोला जैन, मोहित कुमार, मनी, अर्जुन सिंह, प्रिंस, सचिन कुमार, मोहित दुबे आदि खेल प्रेमी मौजूद रहे।