बदायूं। जिले की जनता के लिए एक अच्छी खबर है, यदि योजना परवान चढ़ी और जिम्मेदारों के प्रयास सफल रहे तो शहर को जल्द ही दूसरा बाईपास मिल जाएगा, जिससे शहर में जाम की समस्या पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। बरेली रोड से दातागंज रोड होते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज के सामने खुलने वाले इस बाईपास को लेकर विभागीय अधिकारियों ने सर्वे करके पिछले दिनों जिले के दौरे पर आए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को प्रस्ताव बनाकर दिया था। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही डिप्टी सीएम की तरफ से इसको लेकर हरी झंडी मिल जाएगी। यदि मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे को जोड़ने वाले इस बाईपास को हरी झंडी मिलती है, तो इससे करीब 100 गांवों की जनता सीधे तौर पर जुड़ जाएगी और उन गांवों के विकास को भी रफ्तार मिलेगी।
सपा शासनकाल के दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज के पास से एक बाईपास बनाया गया, जो लगभग पूर्ण हैं, बस बीच में एक सोतनदी की पुलिया नहीं बनने की वजह से उधर से वाहन चालकों को निकलने में कुछ परेशानी का सामना करना रहा है। हालांकि इसके लिए भाजपा सरकार में बजट पास हो गया है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, लेकिन इस बाईपास के निर्माण के बाद भी शहर में जाम की समस्या पूरी तरह से दूर नहीं हो रही। क्योंकि फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर जाने के लिए लोगों को फिर भी शहर के अंदर होकर निकलना पड़ रहा है। इससे शहरवासियों की जाम की समस्या जस की तस बनी है। अधिकारियों का भी मानना है कि जब तक बरेली, दातागंज, ककराला, कादरचौक रोड से होता हुआ दूसरा बाईपास (रिंग रोड) उझानी मार्ग तक नहीं बनेगा, तब इस शहर को जाम की समस्या से निजात नहीं मिल सकती। इसको ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने पीछे दिनों एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को बरेली, कादरचौक, दातागंज, उझानी रोड को जोड़ने वाले बाईपास(रिंग रोड) को पूरा कराने के लिए प्रस्ताव दिया था। इसमें शहर विधायक/ राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने भी संस्तुति की है। डिप्टी सीएम ने पार्टी नेताओं को आश्वासन दिया था कि इस पर जल्द ही सार्थक कदम उठाएंगे। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार यह बाईपास (रिंगरोड) 21.5 किलोमीटर का है, जो राजकीय मेडिकल कॉलेज के सामने से निकाला जाएगा। ये कादरचौक, ककराला, उसावां, दातागंज रोड को जोड़ता हुआ बरेली रोड पर सौ गांवों से होकर निकलेगा।
पूरा हो जाएगा रिंग रोड
-अभी शहर से बाहर से राजकीय मेडिकल कालेज के पास से उझानी, बिल्सी, बिसौली, आवलां-बरेली रोड को जोड़ने वाला बाईपास निकल रहा है, जो आधा बदायूं को कवर कर रहा है। वहीं जब राजकीय मेडिकल कॉलेज के सामने से उझानी, कादरचौक, ककराला, उसावां, दातागंज रोड से बरेली रोड को जोड़ने वाला बाईपास बन जाएगा, तो ये एक रिंग (अंगूठी) की तरह से पूरे बदायूं को कवर कर लेगा।
-राजकीय मेडिकल कॉलेज से सामने एक बाईपास निकलना है। इसको लेकर डिप्टी सीएम के लिए फाइल दी है। उनके निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। सर्वें में यह साफ हो गया है कि इस बाईपास की लंबाई करीब साढ़े 21 किलोमीटर की होगी।
-प्रमोद कुमार, एक्सईएन, प्रांतीय खंड