बिसौली। गांव ढिलवारी में एक युवक की पैर में संक्रमण फैल जाने के बाद मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे थाना वजीरगंज के गांव में पस्तोर निवासी मृतक के साले ने हंगामा कर दिया और बहनोई की मौत का कारण उन्हीं के घरवालों को बताते हुए थाने पहुंच गया। आरोप लगाया कि ठीक से इलाज नहीं कराया। बात बढ़ी तो गांव के लोगों के हस्तक्षेप पर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव ढिलवारी निवासी रवेन्द्र पुत्र ओमवीर सिंह की पैर में संक्रमण होने पर इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब एक वर्ष पहले नोएडा में ड्यूटी से बाइक से कमरे पर लौटते समय किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में उसके पैर में चोट लगी थी। इलाज के बाद वह स्वस्थ हो गए, लेकिन कुछ समय पहले उसी पैर में दोबारा चोट लगने के बाद संक्रमण हो गया था।
बुधवार को रवेन्द्र ई-रिक्शा से पैर का इलाज कराने बगरैन गए थे। रात करीब 10 बजे घर लौटे तो उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। मृतक के तीन पुत्रियां हैं। उनकी मौत की खबर सुनकर थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव पस्तोर निवासी उनका साला विकास भी ढिलवारी पहुंच गए। उन्होंने बहनोई के परिवार पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और थाने पहुंच गया। बाद में गांव के लोगों ने दोनों पक्षों को समझाया। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।