जरीफनगर। गांव मदारपुर में एक महिला ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया और कहा कि ससुराल वालों ने उसके शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना जरीफनगर क्षेत्र के ग्राम मदारपुर निवासी प्रदीप की शादी कुछ वर्ष पूर्व इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव पतीसा निवासी सतपाल की बेटी राजेश्वरी (25) के साथ हुई थी। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की शाम उसका शव ससुराल में फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर मृतका के मायके से पिता सतपाल और परिवार के तमाम लोग पहुंच गए।
उन्होंने राजेश्वरी के ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए फंदे पर लटका दिए जाने का आरोप लगाया है। सूचना पर थानाध्यक्ष सुमित शर्मा पुलिस कर्मियों के साथ खुद मौके पर पहुंचे, उन्होंने मृतका के मायके वालों को आश्वासन दिया है कि अगर वह कोई तहरीर देते हैं तो उनकी ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। मायके पक्ष के लोगों ने पति पर एक दूसरी महिला से प्रेम संबंध होने के भी आरोप लगाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।