उझानी। कछला-वितरोई स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला। शव की शिनाख्त देवरमई पूर्वी निवासी भूपेंद्र उर्फ साजन के रूप में हुई। भाई ने भूपेंद्र की हत्या का आरोप लगाया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव देवरमई पूर्वी निवासी भूपेंद्र (25) उर्फ साजन राजस्थान में काम करता था। रविवार की दोपहर वह ट्रेन से बदायूं लौट रहा था। भाई राजकुमार ने बताया कि देर शाम भूपेंद्र ने फोन कर बताया था कि वह ट्रेन में है। ट्रेन उझानी स्टेशन पर रुकेगी। बहन पूजा के मुताबिक, भूपेंद्र ने रविवार रात नौ बजे जब उसे फोन किया तो उसने बताया कि ट्रेन में दो संदिग्ध लोग उसके पास आकर बैठ गए हैं।
परिजन ने भूपेंद्र की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है। इसके अलावा भूपेंद्र की देवरमई में एक किशोरी से करीबी की बात भी सामने आ रही है। बताते हैं कि जहां भूपेंद्र का शव पड़ा था वहीं पास में उसका मोबाइल फोन भी पड़ा हुआ था। क्षत-विक्षत हो चुके शव में गर्दन कटी हुई थी। मोबाइल फोन से मिले नंबर के आधार पर ही उसके परिजनों को सूचना दी जा सकी। कछला चौकी इंचार्ज योगराज सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिवार के लोगों ने फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी है।
ब्योली की सुनीता का था रेलवे ट्रैक पर मिला शव
उझानी में अढौली रेल फाटक के पास रविवार सुबह पड़ा मिला शव वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव ब्योली निवासी किशनपाल की पत्नी सुनीता देवी का निकला। किशनपाल सोमवार सुबह जीआरपी चौकी पर पहुंचे। उन्होंने फोटो के आधार पर शव की शिनाख्त की। उन्होंने बताया कि सुनीता मानसिक रूप से बीमार थी। उनका इलाज भी चल रहा था। वह शनिवार देर शाम घर से लापता हो गईं। उझानी के पास वह कैसे पहुंचीं, यह किसी को नहीं पता। सुनीता के दो बेटे और एक बेटी है।