ककराला। अलापुर थाना क्षेत्र के गांव सडोमई निवासी एक पिता ने विवाहिता पुत्री को गायब करा देने के मामले में ससुराल पक्ष के पति, सास, ससुर समेत छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
गांव सड़ोमई निवासी महेश शर्मा ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उनकी बेटी सलौनी की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व अलापुर थाना क्षेत्र के गांव गाभियाई में राजू पुत्र निरोत्तम के साथ हुई थी। उनका दावा है कि सलोनी को उसके ससुराल वालों ने गायब कर दिया है।
उन्होंने सात मार्च को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को भी इस संबंध में प्रार्थनापत्र देकर बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई थी। कहा था कि कई बार अलापुर थाना और ककराला चौकी पुलिस से मिल चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी बेटी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने इस मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई है।
इस मामले में ककराला चौकी इंचार्ज सुमित चौधरी ने बताया कि प्रार्थनापत्र मिलने के अगले ही दिन संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। इसमें पति राजू, सास कमला, ननद पूनम के अलावा राहुल, विजयपाल और रामवीर को नामजद किया गया है। उन्होंने बताया कि जांच जारी है। जल्दी ही विवाहित का पता लगाया जाएगा, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।