दास कालेज पहुंचे क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी का किया घेराव
रघुपति राघव राजाराम..पतित पावन सीताराम जैसे नारे लगाते हुए कई छात्र नेता एनएमएसएन दास डिग्री कॉलेज पहुंचे क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी से मिले। इस बीच छात्र नेता गाने लगे मुन्नी बदनाम हुई....तेरे लिए। क्षेत्रीय अधिकारी भी नहीं समझ पाए आखिर यह माजरा क्या। सो उन्होंने साफ कह दिया कि यदि कोई शिकायत लेकर आया है तो सिर्फ पांच लोग आएंगे। उनके कहे अनुसार पांच छात्र नेता ही उनसे मिले और तमाम समस्याओं को उनके सामने रखा। क्षेत्रीय अधिकारी ने पत्र लेकर जल्द समस्याओं को दूर कराने का आश्वासन दिया।
बीते कई दिनों से दास कॉलेज में प्रवेश की तिथि और शुल्क कम किए जाने की मांग को लेकर कुछ छात्र नेता हंगामा कर रहे हैं। प्राचार्य से मारपीट भी हो चुकी है। बाकी शिक्षकों से भी नोकझोंक हुई। चूंकि मामला मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के जिलाध्यक्ष स्वाले चौधरी का था सो पुलिस ने भी उस तत्परता से कार्रवाई नहीं की जैसी अक्सर पुलिस किसी अन्य मामलों में करती है। कॉलेज का माहौल बिगाड़ने की पूरी कोशिश की जा रही है। सो शनिवार की दोपहर उच्च शिक्षाधिकारी डॉ.रामप्रकाश यादव कॉलेज पहुंच गए। किसी तरह इसकी जानकारी हंगामा करने वाले छात्र नेताओं को हुई। उच्च शिक्षाधिकारी ने छात्र नेताओं से उनका मांग पत्र ले लिया और कहा कि जल्द ही उनकी समस्याओं का निदान किया जाएगा। इस पर वह शांत होकर लौट गए।
इस दौरान कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जीएस रावत, चीफ प्रॉक्टर संतोष सिंह आदि थे। जबकि छात्रों में शवाब चौधरी, वीरेंद्र , योगेश यादव, जाहिद, रिजवान, समीर, मुजीव, सचिन, उत्पल, बंटी, अनीत आदि थे।
-----
बहुत हो गया अब लगेगी पीएससी
बदायूं। एनएमएसएन दास डिग्री कॉलेज में लगातार बिगाड़ रहे माहौल को देखते हुए एसएसपी ने रविवार से पीएसी के जवानों को तैनात करने के आदेश दिए हैं। ताकि कोई भी बाहरी व्यक्ति कॉलेज के अंदर प्रवेश न कर सके।