मैरिज लॉन के ऊपर से गुजरती हाईटेंशन लाइन। संवाद
बदायूं। शहर के बाइपास मार्ग पर एक व्यक्ति ने डेयरी के लिए पास कराए गए नक्शे पर मैरिज हॉल का निर्माण कर लिया। इसके ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। यह मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
शहर निवासी भूरे ने कलक्ट्रेट स्थित विनियमित क्षेत्र प्राधिकरण कार्यालय से डेयरी का नक्शा पास कराया था। मौके पर डेयरी के बजाय एक मैरिज हॉल बनवा लिया है। उसमें वैवाहिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस मैरिज हॉल के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजर रही है। इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
इसकी जानकारी मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके मुआयना किया। उन्होंने इस अवैध निर्माण और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ी अनदेखी को लेकर संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया है। नोटिस में पूछा गया है कि डेयरी के लिए स्वीकृत नक्शे पर मैरिज हॉल का निर्माण कैसे किया गया और हाईटेंशन लाइन के नीचे ऐसे जोखिम भरे ढांचे को किसकी अनुमति पर बनाया है। उन्होंने बताया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो निर्माण को अवैध मानते हुए विधिक कार्रवाई हो सकती है। संचालक भूरे का कहना है कि वह इसका जवाब देंगे।