कादरचौक उझानी मार्ग पर ट्रॉली की हिच टॅटने के बांद बंद हुआ मार्ग। संवाद
- फोटो : Samvad
कादरचौक। लोक निर्माण विभाग की ओर से ककोड़ा गांव में बनाई गई पुलिया ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। मानकों के विपरीत बनाई गई इस पुलिया के कारण बृहस्पतिवार को खाद लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली का हच टूट गया, इससे ट्रॉली पलटने से बच गई। हादसे के बाद सड़क पर वाहन फंसने से कादरचौक-उझानी मार्ग करीब पांच घंटे तक बंद रहा।
यह पुलिया गांव में खुशीराम के घर के सामने है। सड़क से सीधी और बिना ढलान के ऊंचाई दे दिए जाने के कारण यहां रोजाना मालवाहक वाहन खराब हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार को भी इसी पुलिया पर ट्रैक्टर का हच टूट गया था, जिसमें एक एंबुलेंस फंस गई थी। तब केवल छोटे वाहन ही निकल पाए थे।
बृहस्पतिवार को हुए हादसे के बाद उझानी मंडी को जाने वाले ट्रैक्टर और ट्रक घंटों तक जाम में फंसे रहे। चालकों का कहना है कि पुलिया पर चढ़ते ही वाहनों का संतुलन बिगड़ जाता है, हच टूटने की घटनाएं आम हो गई हैं। मिंटू शाक्य ने बताया कि जिला पंचायत की ओर से नवंबर में नाले की स्वीकृति के बाद टेंडर निकाला गया था, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं हुआ।
इसी कारण पीडब्ल्यूडी ने भी पुलिया निर्माण में देरी की। विभाग का कहना है कि नाला बनने के बाद ही पुलिया का कार्य पूरा होगा, लेकिन तब तक ढलान को दुरुस्त किया जाना चाहिए।
पानी निकास को ध्यान में रखते हुए पुलिया का निर्माण कराया गया है। जरूरत के अनुसार पुलिया के दोनों और पत्थर भी डलवाए गए हैं, जिससे वाहन आसानी से आ जा सके। इसके अलावा पुलिया के पास कस्बे में सीसी रोड बनाने के लिए एस्टीमेट बनाया जा रहा है। इससे सड़क की कुछ ऊंचाई बढ़ जाएगी। -नरेश कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी
कादरचौक उझानी मार्ग पर ट्रॉली की हिच टॅटने के बांद बंद हुआ मार्ग। संवाद- फोटो : Samvad