सहसवान (बदायूं)। बार एसोसिएशन और सेंट्रल बार वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग पर मोर्चा खोल दिया। बृहस्पतिवार को अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर कचहरी से तहसील तक जुलूस निकाला और तहसीलदार के खिलाफ नारेबाजी की। वकीलों ने तहसीलदार न्यायालय के सामने सभाकर तीन दिन में समस्या का समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
वरिष्ठ अधिवक्ता रियाज अहमद खां एडवोकेट ने कहा कि वकील 12 नवंबर से तहसीलदार न्यायालय का बहिष्कार कर हड़ताल पर हैं। प्रशासन के अधिकारी मौन हैं, और अधिवक्ताओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। एसडीएम ने एक सप्ताह पूर्व अधिवक्ताओं से वार्ता कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन आठ दिन बीत जाने के बाद भी एसडीएम ने कोई उचित कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि जब तक तहसीलदार का स्थानांतरण नहीं हो जाता है, उनके न्यायालय का बहिष्कार जारी रहेगा।
सभा को मुजफ्फर सईद एडवोकेट, जितेंद्र सिंह यादव, अनेक पाल सिंह, सरफराज अली, नवेद, रविंद्र नारायण सक्सेना व श्याम बाबू सक्सेना ने संबोधित किया। सभा का संचालन रागिव अली एडवोकेट ने किया। जुलूस में महावीर सिंह यादव, रामवीर मिश्रा, सतीश पाठक, धर्मेंद्र यादव, मजाहिर अली व नीरज माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।