कादरचौक। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे निर्मल गंगाजल अभियान के अंतर्गत गायत्री परिजन ने गंगा को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया। शाम को सूर्यास्त के समय गंगा किनारे दीपयज्ञ किया। दीपकों की झिलमिलाती रोशनी आकर्षण का केंद्र रही।
इस मौके पर ओम और स्वास्तिक भव्य रूप से सजाए गए। गायत्री परिजन ने लोक कल्याण के लिए गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र की विशेष आहुति समर्पित कीं। संजीव कुमार शर्मा ने वेद मन्त्रोच्चारण कर मां गंगा का पूजन कराया। दीपदान के बाद मां गंगा के विराट स्वरूप की आरती की। गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि मृत शरीर, कचरा, बासी फूल, नालों का जल, मल, प्लास्टिक आदि को गंगा में प्रवाह न करें। पवित्रता और दिव्य भावों से मां गंगा को निर्मल बनाने का संकल्प लें। शिक्षक वीरेंद्र कुमार ने कहा कि निर्मल गंगा के अविरल प्रवाह से भारतीय संस्कृति और सभ्यता जुड़ी है। गंगा मां है और मां का संरक्षण ही जीवन दे सकता है। प्रकृति की गोद में खेले कूदें लेकिन उसकी अनुपम सौंदर्यता को कम न होने दें। इस मौके पर रमेश अग्रवाल, तुषार पाराशरी, अंशुल शर्मा, विवेक शर्मा, करन शर्मा, सुरेंद्र पाल सक्सेना, अजय सारस्वत आदि मौजूद रहे।