बदायूं। शहर के एक निजी अस्पताल में बेटी को दवा दिलाने आए सीआरपीएफ के जवान की जेब में रखे 4500 सौ रुपये चोर ने साफ कर दिए। मामला सामने आने पर सिविल लाइंस पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की हहै। पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में आ गया है। उसके आधार पर पुलिस चोर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव सिसइया नगला निवासी नीरज कुमार ने बताया कि वह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में तैनात है। नौ फरवरी को अपनी पुत्री को दवाई दिलाने शहर के एक निजी अस्पताल में आए थे। अस्पताल सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के इंद्राचाैक के पास है। अस्पताल परिसर में ही एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से पर्स चोरी कर लिया।
बताया कि उसमें 45 सौ रुपये, आधार कार्ड,एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और दिल्ली मेट्रो कार्ड व अन्य आवश्यक सरकारी दस्तावेज भी थे। इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी दिख रहा है। उसकी पहचान कराई जा रही है। जल्द ही घटन का खुलासा किया जाएगा।