बदायूं। मंगलवार रात वजीरगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खुर्रमपुर भमोरी के जंगल में दबिश देकर एक बड़ा जुआ पकड़ा। पुलिस ने मौके से आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से ताश के पत्ते और 12 हजार रुपये बरामद हुए हैं।
वजीरगंज एसओ अमित कुमार मंगलवार रात गश्त पर थे। देर रात सूचना मिली कि खुर्रमपुर भमोरी के जंगल में कई लोग जुआ खेल रहे हैं। मौके पर कई वाहन खड़े हैं और हजारों रुपये का दांव लग रहा है। इस पर पुलिस ने मुखबिर के बताए स्थान की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने जुआरियों को चारों ओर से घेर लिया। इसके बावजूद कई जुआरी पुलिस के चंगुल से बचकर भाग गए लेकिन आठ जुआरियों को भागने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने उन्हें फड़ पर ही दबोच लिया। पुलिस ने फड़ से पांच हजार तीन सौ रुपये और ताश के पत्ते बरामद कर लिए। आठ लोगों को थाने ले जाया गया। जहां पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम रोहित कुमार, नेम सिंह , भूरे , नरेशपाल व बाबूराम रामलाल निवासी ग्राम फतेह नगला, मुन्ने सिंह पुत्र भूप सिंह निवासी ग्राम नौली हरनाथपुर, नन्हे, निवासी ग्राम जुलैहपुरा और ब्रह्म प्रकाश निवासी ग्राम रहेड़िया बताए। उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास सात हजार छह सौ रुपये बरामद हुए। पुलिस ने जुआरियों से कुल 12 हजार 900 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 13 जी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आईपीएल मैच सट्टा लगाने वाले तीनों युवकों का चालान
बदायूं। मंगलवार रात सदर कोतवाली पुलिस ने खैराती चौक से आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके पास से 11 हजार 660 रुपये और तीन मोबाइल बरामद किए हैं। पूछताछ में तीनों ने अपने नाम अरविंद निवासी विजय नगर, नवेद निवासी चौधरी गंज मछली मार्केट और हसन निवासी मोहल्ला कबूलपुरा नाम बताए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 13 जी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। बुधवार को तीनों का चालान कर दिया गया। संवाद