पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा से तस्वीर हुई साफ
घर में चारपाई पर पड़ा मिला था ग्रामीण का शव
घर में चारपाई पर पड़ी मिली अब्दुल्लागंज के किशनपाल ठाकुर की लाश के मामले में बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हकीकत सामने आ गई। हत्या गला दबाकर की गई थी। गले पर चोटों के निशान ने भी इसकी पुष्टि कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भी कातिलों तक पहुंचने के लिए तहकाकीत शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अब्दुल्लागंज निवासी 65 वर्षीय किशनपाल ठाकुर का शव उसी के घर में बुधवार दोपहर बाद चारपाई पर पड़ा मिला था। किशनपाल घर में अपने बेटों से अलग रहता था। शव को देख ग्रामीणों ने मौके पर ही हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस को भी अवगत करा दिया था लेकिन मृतक के घरवालों ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए घटना के बाद से अभी तक कोतवाली पुलिस को तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने किशनपाल के शव को पोस्टमार्टम कराया तो डॉक्टर ने गला दबाकार हत्या किए जाने की पुष्टि कर दी। मृतक के गले पर खरोंच के निशान मिलने से साफ हो गया है कि हत्या से पहले कातिल और किशनपाल के बीच खींचतान भी हुई।
हत्या को लेकर पसोपेश के बीच हालांकि मृतक के घरवालों से लेकर ग्रामीण खुलकर कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं लेकिन दबी जुबान तमाम तरह की चर्चा करने लगे हैं। कुछ को तो मृतक के करीबी पर ही पर शक है। सूत्रों की मानें तो पुलिस घरवालों पर ही शक कर है। बृहस्पतिवार शाम को पोस्टमार्टम रिपोर्ट लेकर पुलिस कर्मी कोतवाली पहुंचे। रिपोर्ट कोतवाल को सौंप दी गई है। कोतवाल गोपींचंद्र यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर गौर किया जा रहा है। पुलिस को मृतक के परिवार के किसी सदस्य की ओर से तहरीर का इंतजार है। तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।