रेत से भरी ट्राली पलटने से ग्रामीण रेत में दब गया। बीस घंटे तक रेत में दबे रहने से उसकी मौत हो गई। हादसा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बरेली रोड पर ढकिया गांव के पास हुआ था। रविवार को जब ट्राली को उठा कर रेत हटाया गया तो इसमें ग्रामीण का शव मिला। मृतक के भाई की ओर से अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ बिनावर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बरेली के थाना भमोरा अंतर्गत गांव नितोई निवासी ओमसिंह (30) पुत्र रामकिशोर का मकान बन रहा है। शनिवार को ओमसिंह बदायूं रेता खरीदने आए थे। यहां से यह रेता की ट्राली लेकर अपने गांव जा रहे थे। ओमसिंह ट्राली पर बैठे हुए थे। रास्ते में बिनावर थाना क्षेत्र के गांव ढकिया मंदिर के पास दोपहर करीब 12 बजे ट्राली का एक पहिया पंचर हो गया। इससे ट्राली पलट गई। ट्राली पलटने से ओमसिंह रेत में दब गए। इस दौरान ट्रैक्टर चालक ने ट्राली को वहीं छोड़ दिया और फरार हो गया। देर शाम तक ओमसिंह घर नहीं पहुंचे तो परिवार वालों ने इनकी तलाश तेज की। रविवार को परिवार वालों को पता लगा कि बिनावर में रेता से भरी ट्राली पलटी पड़ी है तो वह यहां पहुंच गए। यहां पहुंच कर परिवार वालों ने ट्राली को उठवा कर रेता हटवाया तो इसमें ओमसिंह का शव मिला। मामले में ओमसिंह के भाई रामनिवास की ओर से अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने रविवार दोपहर ट्रैक्टर को थाना क्षेत्र के गांव ढकिया की गौटिया से बरामद कर लिया।
उजागर हुई पुलिस की लापरवाही
बिनावर। हादसे में एक बार फिर से बिनावर पुलिस की लापरवाही उजागर हो गई। ट्राली शनिवार दोपहर करीब 12 बजे पलटी थी। इसमें भरे रेत में ओमसिंह दब गए थे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी लेकिन पुलिस ने ट्राली को उठवाना जायज नहीं समझा। अगर पुलिस शनिवार को ही ट्राली हटवा देती तो शव 20 घंटे रेत में दबा नहीं रहता। रविवार को सुबह करीब दस बजे ट्राली और रेत को हटाकर शव निकाला जा सका।