किसान क्रेडिट कार्ड का बकाया माफ कराने के नाम पर ठगी के शिकार बने ग्रामीणों ने शक होने पर आरोपी के गांव को खंगाल लिया। न आरोपी मिला और न ही उसके बारे में उसके बारे में सुराग लग पाया है। रविवार को ग्रामीण खाली हाथ घर लौट आए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पीयरखंदना के करीब 35 लोगों को कासगंज जिले के सोरों इलाके के गांव रामपुर से पहुंचे युवक ने ठगी का शिकार बना लिया था। उसने सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की वितरोई शाखा से जुड़े किसान क्रेडिट कार्ड के बकाएदारों से तीन से लेकर पांच हजार रुपये ऐंठ लिए थे। करीब एक पखवाड़ा पुराने मामले में ग्रामीण सामूहिक रूप से कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट लिखाने की गुहार भी लगा चुके हैं लेकिन पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। ठगी के शिकार बकाएदारों में चार-पांच ग्रामीण गत दिवस सोरों क्षेत्र के गांव रामपुर पहुंचे। उन्होंने परिचित लोगों के जरिए आरोपी का पता करने की कोशिश की। खाली हाथ घर लौटे ग्रामीणों में वेदराम और गिरवर सिंह ने बताया कि गांव रामपुर में उसका अता-पता भी नहीं लगा है। पुलिस अगर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई करे तो आरोपी के गिरफ्त में आते ही जालसाज की हकीकत भी सामने आ सकती है। उसके पकड़े जाने के बाद ठगी का शिकार होने से बच सकते हैं।
बैंक कर्मियों से भी मिले ग्रामीण
उझानी। लोन माफ कराने के नाम पर ठगे गए ग्रामीणों में से तोताराम और बनवारी लाल ने शनिवार को वितरोई स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक पहुंच कर बैंक कर्मियों से बात की। ठगे जाने का अहसास होने के बाद से पीयरखंदना के दो-तीन ग्रामीण रोजना ही वितरोई बैंक के आसपास डटे रहते हैं। ताकि आरोपी ठग बैंक पहुंचने पर पकड़ में आ जाए।