तेज रफ्तार दो ट्रकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। जिसमें एक ट्रक के ड्राइवर और दूसरे के हेल्पर की मौत हो गई। जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक ही हालत नाजुक है। मृतक ड्राइवर की पहचान ड्राइविंग लाइसेंस से राजस्थान जिले में टोंक जिले के निवासी जीतराम और हेल्पर की शिनाख्त ट्रक मालिक ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा निवासी पन्नालाल के रूप में की। हादसे के बाद बरेली-मथुरा हाईवे पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
बरेली-मथुरा हाईवे पर सड़क हादसा शुक्रवार तड़के करीब चार बजे हुआ। उत्तराखंड के सितारगंज कस्बे से ट्रक में बिस्कुट लोड कर कर्नाटक के मंगलौर को चले ड्राइवर राजस्थान के धौलपुर जिले के गांव रामगढ़ा राजाखेड़ा रामहेत (37) और हेल्पर मध्यप्रदेश में ग्वालियर जिले के डबरा कस्बे का पन्नालाल जब कछला के वितरोई मोड़ के पास पहुंचे तो सामने से दूसरा ट्रक आ गया। दोनों ट्रक आमने-सामने से भिड़ गए। पन्नालाल ने मौके पर ही दमतोड़ दिया।
मृतकों में दूसरे ट्रक का ड्राइवर जीतराम (22) पुत्र लालाराम, राजस्थान के टोंक जिले के थाना टोड़ा रायसिंह के गांव जैकमाबाद निवासी निकला। जीतराम के शव को ट्रक से बाहर निकालने को पुलिस को क्रेन का सहारा लेना पड़ा। हेल्पर मुकेश चौधरी घायल हो गया। मृतक ड्राइवर जीतराम के गांव के ही मुकेश को जिला अस्पताल से बरेली रेफर कर दिया गया। जबकि घायल रामहेत जिला अस्पताल में भर्ती है। कछला चौकी इंचार्ज मानपाल सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के घरवालों से फोन पर उनकी बात हो चुकी है।
बिस्कुट लदा ट्रक आगरा में सेवला जाट निवासी अरुण चौहान का है। सूचना के बाद अरुण मौके पर पहुंच गए। हेल्पर पन्नालाल की शिनाख्त की। दूसरे ट्रक में मार्बल लोड था।
000
एक्सीडेंट जोन में हुआ चौथा हादसा
उझानी। बरेली-मथुरा हाईवे पर कछला चौराहे से वितरोई मोड़ तक दो प्वाइंट ऐसे हैं जो एक्सीडेंट जोन में गिने जाते हैं। पहला हादसा करीब चार महीना पहले कछला तिराहे पर हुआ। हादसे में सदर कोतवाली के दरोगा समेत तीन पुलिस कर्मियों के घायल हो गए थे। दरोगा की कार में बैठा किशोरी की गुमशुदगी का वादी और आरोपी के परिजन को जान से हाथ धोना पड़ा था। तिराहे पर ही दूसरा हादसा रोडवेज बस और बाइक की भिड़ंत के रूप में सामने आया। हादसे में बाइक सवार बदायूं के सफाई कर्मी नेता और उसके साले की मौत हो गई थी। एक्सीडेंट जोन में शामिल वितरोई मोड़ पर ट्रैक्टर पलटने से दहेमू निवासी सेवानिवृत्त दरोगा के नाती की मौत हो गई थी। चौथा हादसा शुक्रवार तड़के दो ट्रकों की भिड़ंत का गवाह बना है।