अलग-अलग तीन सड़क हादसों में एक छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई। आठ लोग घायल हो गए। घायलों में चार लोगों को हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर किया गया है। बुधवार को यह सड़क हादसे कादरचौक, बिल्सी और वजीरगंज में हुए।
कादरचौक। थाना क्षेत्र के गांव सरकी के पास बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में परीक्षा देकर लौट रहे कक्षा दस के छात्र उमेश की मौत हो गई। जबकि तीन छात्रों समेत चार लोग घायल हो गए। लोकी नगला निवासी उमेश (18) पुत्र महीपाल हाईस्कूल की परीक्षा देकर बदायूं से गांव लौट रहे थे। इनके साथ बाइक पर गांव के ही चेतराम (26) पुत्र बाबूराम थे। दूसरी बाइक पर सवार ककोड़ा निवासी छात्र रंजीत (17) पुत्र बाबूराम और अर्जुन (18) पुत्र गिरवर निजामपुर से परीक्षा देकर लौट रहे थे। दोनों की बाइक में सरकी गांव के पास आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में उमेश की मौत हो गई जबकि रंजीत, अर्जुन और चेतराम घायल हो गए। तीनों घायलों को बरेली रेफर किया गया है।
बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदगंज निवासी अखिलेश की बेटी रेनू कक्षा दस की छात्रा हैं। अखिलेश (40) पुत्र महीलाल बुधवार को रेनू के लिए बिल्सी स्थित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने बाइक से गए थे। यहां से यह गांव लौट रहे थे। रास्ते में मोहम्मदगंज मोड पर अखिलेश की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में अखिलेश की मौके पर मौत हो गई। वाहन चालक मय वाहन के फरार हो गया। अखिलेश मूल रूप से संभल के चंदौसी थानाअंतर्गत कैथल गांव के निवासी हैं। करीब बीस साल से मोहम्मदगंज स्थित अपनी ससुराल में रह रहे थे। इनके साले पूरन की ओर से अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
वजीरगंज। स्कूल वैन ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसने से दो छात्रों समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसा बुधवार सुबह करीब नौ बजे बिल्सी रोड पर ब्योली गांव के पास हुआ। नगर के लिटिल कांवेंट स्कूल की वैन बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। गांव ब्योली के पास चालक धीरपाल वैन से संतुलन खो बैठा। बैन सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। हादसे में चालक समेत छात्र यश माहेश्वरी (12) पुत्र सूर्यप्रकाश माहेश्वरी और आकाश सिंह (11) पुत्र धर्मेंद्र सिंह घायल हो गए।
वजीरगंज के मोहल्ला बनिया निवासी मोहम्मद मियां (40) पुत्र अच्छन बाइक से बदायूं की ओर आ रहे थे। रास्ते में जखौलिया गांव के पास उनकी बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में मोहम्मद मियां गंभीर घायल हो गए। इनको बरेली रेफर कर दिया गया है।
आखिरी पेपर के साथ खत्म हुई उमेश की जिंदगी
कादरचौक। लोकी नगला निवासी उमेश के परिवार वालों को नहीं पता था कि हाईस्कूल के आखिरी पेपर के साथ उमेश की जिंदगी भी खत्म हो जाएगी। छह भाई और दो बहनों में सबसे छोटा उमेश परिवार का लाड़ला था। वह बुधवार सुबह छह बजे घर से परीक्षा देने बदायूं के लिए निकला था। परीक्षा देने के बाद उमेश बाइक से गांव लौट रहा था। उनके साथ इंटर के छात्र चेतराम थी थे। लोकी नगला पहुंचने से पहले ही उमेश हादसे का शिकार हो गया।