फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डाक विभाग घोटाला में दो  कर्मचारियों पर मुकदमा

Wed, 13 Jul 2016 12:12 AM IST
बदायूं, ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन

4.21 लाख का घोटाला ट्रेस हुआ, 20.79 अभी बाकी
बरेली से आई विभागीय टीम ने दूसरे दिन की पड़ताल
मुख्य डाक घर में एटीएम चोरी करके किए गए 25 लाख रुपये के घोटाला के मामले में सहायक अधीक्षक डाक घर पूर्वी सुनत गुड़वा की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने डिप्टी पोस्ट मास्टर और बैंक सहायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों पर चोरी और धोखाधड़ी की धाराएं लगाई गई हैं। दूसरे दिन भी बरेली से आई डाक विभाग की टीम ने यहां घपले के संबंध में पड़ताल की। अब तक 4.21 लाख रुपये की रकम ट्रेस हो गई है। अभी 20.79 लाख रुपये ट्रेस होना बाकी हैं।
डाक विभाग ने हाल ही में बैंकिंग के बाद एटीएम सेवा शुरू की है। विभागीय कर्मचारियों ने सैकड़ों ग्राहकों के एटीएम चोरी कर उनके खातों से करीब 25 लाख रुपये निकाल लिए। एक ग्राहक ने जब इसकी शिकायत की तो मामला सामने आया। पहले तो कई दिन तक विभाग पूरे मामले को दबाए रहा। जब बात नहीं बनी तो सोमवार देर रात सिविल लाइंस थाने में डिप्टी पोस्टमास्टर अखिलेश गुप्ता पुत्र हरीओम गुप्ता और बैंक सहायक अखिलेश पुत्र राम विलास के खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 
विज्ञापन

बड़ा घोटाला सामने आने के बाद मुख्य डाक अधीक्षक रामबाबू मिश्रा को भी सोमवार को बदायूं से हटाकर मुरादाबाद अटैच कर दिया गया। उनके स्थान पर बरेली से मनोज कुमार को बदायूं भेजा गया। मामले में जांच कर रही बरेली से आई विभागीय टीम ने सोमवार को भी कई कर्मचारियों से पूछताछ की और रिकार्ड खंगाले। सूत्रों के अनुसार पड़ताल में पता लगा है कि चोरी किए गए एटीएम से एक दिन में 4.21 लाख रुपये निकाले गए हैं। ऐसे में घोटाला बड़ा होने की बात से इंकार नहीं किया जा सकता। 
------
मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी गई है। डाक विभाग का भी सहयोग लिया जा रहा है। यह तकनीकी मामला है, जांच पूरी होने में कुछ वक्त लग सकता है।-सुनील कुमार, एसएसपी
-----
मुख्य डाक घर में ठप रहा कामकाज
बदायूं। लाखों रुपये का घोटाला सामने आने के बाद डाक विभाग में मंगलवार को भी कामकाज ठप रहा। मुख्य डाक घर में लगी एटीएम मशीन को भी बंद कर दिया गया है। दिन भर जांच टीम के यहां जुटे रहने की वजह से कामकाज प्रभावित होने से यहां आने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 
विज्ञापन

------
घोटाला में फंसेगी कई बड़ों की गर्दन
बदायूं। एटीएम चोरी करके खातों से लाखों रुपये का गबन करने के मामले में भले डाक विभाग के सिर्फ दो कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई हो, लेकिन इतना साफ है कि जांच में कई बड़ी मछलियों की गर्दन भी फंसेगी। विभागीय जांच चल रही है। विभागीय अधिकारी कुछ बताने को तैयार नहीं हैं। सूत्रों ने बताया कि मुख्य डाक अधीक्षक रामबाबू मिश्रा को यूं ही नहीं हटाया गया है। जांच की आंच मुख्य डाक अधीक्षक तक पहुंचने की बात से भी इंकार नहीं किया जा रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें