जरीफनगर थाने के गांव मझोला निवासी कैलाश (28) पुत्र लक्षमण सिंह कई साल से मुजरिया थाने के गांव मटकुली स्थित अपनी ससुराल में रहता था। गांव कौल्हाई में शराब की दुकान पर वह सेल्समैन था। सोमवार रात उसकी पत्नी सती ने बेटे को जन्म दिया। इसकी खबर कैलाश को मिली तो वह मिठाई लेकर घर जा रहा था। रास्ते में मुजरिया-सहसवान रोड पर उसकी बाइक को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में कैलाश की मौके पर मौत हो गई। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से भागने में सफल हो गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद उसके परिवार वालों में कोहराम है।
बरेली के थाना भमोरा के गांव मिलक नगला निवासी नन्हे (30) कादरचौक के गांव जिल्सी नगला स्थित अपनी रिश्तेदारी में आया था। यहां से नन्हे अपने रिश्तेदार अमरपाल (20) पुत्र बाबूराम के साथ बाइक से गांव सिवाया हामिदपुर जा रहा था। रास्ते में कादरचौक-उसहैत रोड पर नन्हे की बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में नन्हे की मौके पर मौत हो गई। अमरपाल घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।