उड़ीसा के जाजपुर स्थित एक लोहा कंपनी से 20 लाख रुपये की लोहे की सिल्ली लेकर पंजाब के मोहली निवासी ड्राइवर बलजीत सिंह और क्लीनर जस्सा सिंह चंड़ीगढ़ के लिए चले थे। ट्रक बलजीत के पिता सुधाकर सिंह का है। शुक्रवार रात यह लोग मुरादाबाद-बिजनौर हाईवे पर गांगन नदी के पुल से गुजर रहे थे। इसी दौरान दूसरे ट्रक ने बलजीत के ट्रक को ओवरटेक करके रोक लिया। ट्रक से उतरे आधा दर्जन बदमाश बलजीत के ट्रक में घुस गए। बलजीत और जस्सा को बंधक बना लिया। इस दौरान बदमाशों ने कई फायर भी किए।
बकौल बलजीत रात में ही बदमाश ट्रक को बदायूं की ओर लाए। उन दोनों को फैजगंज बेहटा थाने के गांव खेड़ादासपुर के पास एक पेड़ से बांध दिया। शनिवार सुबह गांव के लोग शौच को निकले तो दोनों को बंधा देखकर पुलिस को खबर दी। एसओ एके सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों को थाने लाकर पूछताछ की तो पूरी घटना के बारे में पता लगा। फैजगंज बेहटा पुलिस ने मुरादाबाद पुलिस से संपर्क किया तो मुरादाबाद पुलिस ने घटना से अपना पल्ला झाड़ लिया। बलजीत की तहरीर पर फैजगंज बेहटा पुलिस ने जीरो क्राइम नंबर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मौके पर मिले कारतूस के खोखे
बिसौली। चालक बलजीत और क्लीनर जस्सा सिंह को बरामद करने के बाद एसओ एके सिंह के नेतृत्व में तड़के एक पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची। मुरादाबाद-बिजनौर हाईवे पर स्थित गांगन नदी के पुल के पास पुलिस को कारतूसों के कई खोखे भी मिले हैं। एसओ एके सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। घटना स्थल फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र नहीं है।