कोतवाली क्षेत्र के खेड़ा नवादा इलाके में शनिवार देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक रौंद दी। हादसे में कौशल कुमार की मौत हो गई और उनके फुफेरे भाई भगवान सिंह घायल हो गए। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मय चालक हिरासत में ले लिया है।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी कौशल कुमार (21) पुत्र दौलतराम अपने फुफेरे भाई भगवान सिंह के साथ खेड़ा नवादा स्थित रिश्तेदारी में आए थे। शनिवार रात 11 बजे दोनों लोग बाइक से वापस गांव के लिए निकले। खेड़ा नवादा इलाके में बिरुआबाड़ी रोड पर बाइक को सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसे में कौशल कुमार और भगवान सिंह घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने कौशल कुमार को मृत घोषित कर दिया। भगवान सिंह का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद भाग रहे ट्रैक्टर-ट्राली को पुलिस ने मय चालक के हिरासत में ले लिया है। मृतक के भाई धर्मेंद्र की ओर से नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार के सुपुर्द कर दिया।