तांत्रिक के परिवार के हमले में एसओ और दो सिपाहियों समेत छह लोग घायल
जरीफनगर के गांव खनुआ नगला में एक तांत्रिक के घर में बंधक ग्रामीण को छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर तांत्रिक और उसके परिवार के लोगों ने हमला बोल दिया। पथराव में एसओ, दो सिपाही और तीन ग्रामीण घायल हो गए। पुलिस की यूपी-100 की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
आरोप है कि तांत्रिक की बेटी ने गांव के मंदिर की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त कर दी थीं। विरोध करने पर आरोपियों ने ग्रामीणों पर पथराव कर घर में एक ग्रामीण को बंधक बना लिया था। पुलिस ने बंधक सत्यपाल को तांत्रिक के कब्जे से छुड़ाकर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। सत्यपाल के भाई ने पुलिस में तहरीर दी है कि तांत्रिक ने बलि देने के लिए उसके भाई को बंधक बनाया था।
गांव खनुआ नगला में भगवान सिंह यादव तंत्रमंत्र का काम करता है। आरोप है कि शुक्रवार को भगवान सिंह की 24 वर्षीय बेटी सीमा ने गांव के मंदिर में तोड़फोड़ कर दी। ग्रामीणों ने विरोध किया तो उसके तांत्रिक पिता भगवान सिंह, मां लाड़ो देवी, भाई रामसिंह यादव, श्याम सिंह यादव, बहनें लक्ष्मी, गौरी, भतीजा व भूरा यादव पुत्र चंद्रपाल, सोमवीर यादव पुत्र मलखान और मलखान की पत्नी रामभूरी मंदिर पर आ गए और ग्रामीणों पर पथराव कर दिया। हमले में गांव के बलवीर, हरेंद्र और गप्पू घायल हो गए। इस बीच तांत्रिक और उसके परिवार ने ग्रामीण सत्यपाल को अपने घर में बंद कर लिया।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी तो यूपी-100 की गाड़ी पहुंची। तांत्रिक के परिवार ने पथराव कर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस वाहन पर पथराव की सूचना मिलते ही एसओ जरीफनगर नरेश पाल यादव फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस जब भगवान सिंह के घर पहुंची तो उस पर पथराव किया गया। इसमें एसओ नरेश पाल यादव, सिपाही उपदेश और विवेक घायल हो गए। स्थिति काबू में न होने पर सीओ सहसवान श्योराज सिंह भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद घेराबंदी कर बंधक सत्यपाल को मुक्त कराया गया।
---------
पुलिस ने भगवान सिंह और उसके परिवार समेत 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इन पर बलवा और पुलिस कर्मियों पर कातिलाना हमला करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना से बदायूं के पुलिस महकमे में खलबली रही।
पुलिस टीम पर हमला हुआ है। गांव के कई लोग भी जख्मी हुए हैं। 10 लोगों के खिलाफ बलवा, कातिलाना हमला की धाराओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
-श्योराज सिंह, सीओ सहसवान