कोतवाली क्षेत्र के गांव नदायल में प्राइमरी स्कूल के पीछे चल रहे गोवंशीय पशुओं के कटान की सूचना पर शनिवार तड़के पुलिस ने छापा मारा। मौके से तीन मांस तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। दो मांस तस्कर भागने में सफल हो गए। यहां से पुलिस ने गोवंशीय पशु का दो क्विंटल मांस और पशु काटने के औजार बरामद किए हैं।
शनिवार तड़के इंस्पेक्टर यशवीर सिंह को खबर मिली कि नदायत में प्राइमरी स्कूल के पीछे गोवंशीय पशुओं का वध कर मांस सप्लाई किया जा रहा है। इंस्पेक्टर के आदेश पर सब इंस्पेक्टर प्रवीन कुमार ने कांस्टेबल रामसरन सिंह, नेम सिंह और लोकेश के साथ बताए गए स्थान पर छापामारी की। पुलिस ने भूरे उर्फ दूल्हे मियां, पप्पू पुत्रगण रशीद, शकिर पुत्र नौशे निवासी भवानीपुर खल्ली को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इनके साथी मोहम्मद असलम पुत्र अनवार, बब्बू पुत्र इस्लाम मौके से भाग गए। ये लोग चार पशुओं का वध कर उनका मांस सप्लाई कर चुके थे। मामले में गोवध निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।