उसावां थाने के गांव अकबरपुर में शुक्रवार रात वारदात
थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर में शुक्रवार रात चोरों ने तीन घरों से नगदी समेत करीब ढ़ाई लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। चोरी के बाद कुछ खाली बक्से गांव के पश्चिम में स्थित दुर्गा मंदिर के पास बाग में पड़े मिले।
अकबरपुर निवासी राजवीर के घर में शुक्रवार रात चोर सीढ़ी लगाकर घुस गए। यहां से चार सोने की चूड़ी, एक सोने की चेन, दो जोड़ी पाजेव और तीन हजार रुपये साफ कर दिए। इसके बाद चोरों ने सर्वेश के घर में हाथ साफ किया। यहां भी चोर सीढ़ी लगाकर घुसे। सर्वेश के घर में हाथ साफ करने के बाद चोरों ने प्रदीप के घर को निशाना बनाया। यहां से 25 हजार रुपये नगदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इसके बाद चोरों ने होमगार्ड अरविंद के घर में चोरी की कोशिश की। जाग हो जाने पर यहां से भाग गए। सुबह होने पर इन लोगों को चोरी के बारे में जानकारी हुई। खबर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना किया, अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।