एक साल पहले हुई थी दौजपाल की शादी
मायके गई पत्नी को ससुरालियों ने विदा नहीं किया और पति दौजपाल के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया। इससे मानसिक तनाव में आए दौजपाल ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक के परिवार वालों ने ससुरालियों पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव चनी निवासी दौजपाल (21) पुत्र नत्थूलाल की शादी करीब एक साल पहले उघैती थाने के ही गांव सिद्ध बरौलिया निवासी सीताराम पाली की बेटी अनुपम के साथ हुई थी। करीब नौ महीने पहले सीताराम अपनी बेटी को विदा कराकर ले गया। इसके बाद पत्नी को विदा कराने दौजपाल कई बार ससुराल गया, लेकिन ससुरालियों ने अनुपम को उसके साथ विदा नहीं किया। कुछ दिन बाद ससुरालियों ने दौजपाल और उसके परिवार वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया।
दहेज का मुकदमा दर्ज होने के बाद दौजपाल मानसिक रूप से परेशान था। गुरुवार को मुकदमे में तारीख था। परिवार के लोगों को तारीख पर कोर्ट आना था। कोर्ट आने से पहले ही दौजराम घर में फांसी के फंदे पर झूल गया। उसके परिवार वालों ने ससुरालियों पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। एसओ नरेशपाल कश्यप ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मामले में पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।