फोटो 20- 12,13
मांस ले गए और तीन भ्रूण जंगल में फेंक गए तस्कर
सूचना पर नहीं पहुंची पुलिस, ग्रामीणों में रोष
पशु तस्करी के लिए बदनाम थाना क्षेत्र के जंगल में शुक्रवार की रात को पशु तस्करों ने 10 गोवंशीय पशुओं की हत्या कर डाली और मांस साथ ले गए। तस्कर पशुओं की हत्या करने के बाद बचे कुछ अवशेष को मौके पर ही फेंक गए। मौके पर तीन गोवंशीय भ्रूण भी मिले हैं, जिन्हें पशु तस्कर फेंक गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक मामले की सूचना रात में ही नाधा पुलिस चौकी को दी गई, लेकिन पुलिस ने रात में जाने की जहमत नहीं उठाई। इस मामले में अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
शनिवार सुबह खेतों और बागों की ओर गए ग्रामीणों को नाधा पुलिस चौकी से दो किलोमीटर की दूरी पर वजीरपुर गांव के पास में स्थित जंगल में पशुओं का वध किए जाने के बाद छोड़े अपशिष्ट मिले। इसमें तीन भ्रूण भी शामिल थे। मामले की सूचना मिलने पर आसपास क्षेत्र के तमाम ग्रामीण एकत्रित हो गए। इसके बाद करीब आठ बजे चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गोवंशीय पशुओं के अपशिष्ट को वहीं पर दफन करा दिया गया। खेतों की रखवाली कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात करीब साढ़े नौ बजे नाधा चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस ने मौके पर जाने की जहमत नहीं उठाई। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस सुबह मौके पर पहुंची। इससे पहले पशु तस्कर मांस लेकर जा चुके थे। वजीरपुर ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान अनिल बाबू ने कहा कि पशुओं और भ्रूण के अपशिष्ट मिलने से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
------
शुक्रवार रात को सूचना देने का आरोप निराधार है। दिन में सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा। वहां मिले अपशिष्ट को गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
-अवधेश यादव, इंचार्ज, पुलिस चौकी नाधा
-----
अपशिष्ट मिलने के बाद अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ के मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है। सूचना मिलने पर सुबह आठ बजे ही पुलिस मौके पर थी। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
-नरेंद्र पाल सिंह यादव, एसओ, जरीफनगर थाना