-बरेली-मथुरा हाईवे पर छतुइया के पास हादसा
-मृतक के साथियों ने हंगामा कर ट्रैक्टर चालक को दबोचा
-अन्य घटनाओं में महिला समेत चार लोग घायल
कांवड़ियों के वाहनों की बेतरतीब रफ्तार ने एक और शिवभक्त की जान ले ली। छतुइया रेल फाटक के नजदीक किशोर शिवभक्त दूसरे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से उतर गया। बाद में उसकी इलाज को जिला अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। हादसे के दौरान मृतक के साथियों ने मौके पर हंगामा भी किया। गुस्साए कांवड़ियों ने ट्रैक्टर समेत चालक को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसे लेकर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
हादसा रविवार दोपहर में हुआ। बिनावर थाना क्षेत्र के गांव घटपुरी निवासी कांवड़ियों की टोली कछला से निकली तो रास्ते में छतुइया रेल फाटक के पास टोली में शामिल राकेश के 14 वर्षीय बेटे इंद्रजीत को दूसरे टोली के कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली ने चपेट में ले लिया। ट्रॉली का पहिया इंद्रजीत के शरीर से होकर उतर गया। हादसे के दौरान ही कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने दौड़ लगाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को मय चालक दबोच लिया। कांवड़ियों ने चालक से हाथापाई भी की। गंभीर हालत में इंद्रजीत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। बाद में जिला अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। कांवड़ियों ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को पुलिस के हवाले कर दिया है।
पकड़े गए चालक ने खुद को कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव मोंगर का निवासी बताया है। गुस्साए कांवड़ियों में मृतक के भाई प्रदीप कुमार ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद ही उसने पुलिस को कॉल की। हादसास्थल के पास ही मौजूद पुलिस कर्मी ने गौर नहीं किया। पुलिस कर्मी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए प्रदीप समेत कांवड़ियों ने कोतवाली में भी गुस्से का इजहार किया। उधर, बुटला बोर्ड के पास तेज रफ्तार टेंपो पलट गया। टेंपो सवार कोतवाली क्षेत्र के गांव बरामालदेव निवासी नेत्रपाल (55) और बदायूं में लालपुल निवासी राजकुमार (17) पुत्र वेदप्रकाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। इसी क्र म में मूसाझाग के गांव मल्लाहपुर निवासी राहुल (17) पुत्र रामबाबू, बाइक की टक्कर से घायल हो गया तो कांवड़ियों की टोली में शामिल मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव गिधौल निवासी राधेश्याम की 45 वर्षीय पत्नी प्रेमवती का दुपट्टा ट्रॉली में रखे जनरेटर में फंस गया। घायल प्रेमवती को नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।