भाजपा नेता के यहां हुई चोरी के मामले में दो को पुलिस को सौंपा
कोतवाली क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार रात चोरों ने पुरानी मंडी में सेलफोन की दुकान को खंगाल लिया। चोर रीचार्ज कूपन, नकदी और कीमती सामान समेट ले गए। चोरों ने भाजपा के नेता अमित प्रताप सिंह के ऑफिस को भी नहीं छोड़ा। मौके पर जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं ने शक में पास में ही रहने वाले साधु समेत दो लोगों को दबोच लिया। उनके पास स्मैक की पुड़िया भी मिली। मारपीटकर दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
भाजपा नेता अमित प्रताप सिंह का सहसवान रोड पर ऑफिस है। शुक्रवार को सुबह अमित के भाई पार्टी की नगर कमेटी में महामंत्री योगेश प्रताप सिंह ऑफिस पहुंचे तो मेनगेट का ताला टूटा मिला। अंदर देखा तो इंवर्टर, बैटरा, कुर्सियां और मेज के साथ काफी सामान गायब था। भनक लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास इलाके में तहकीकात भी की। उसी दौरान शक में बाबा और उसके साथ मौजूद युवक को दबोच लिया गया। दोनों के पास स्मैक की पुड़िया भी मिली। मारपीट कर दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ भी की है। इसके अलावा पुरानी अनाज मंडी के भदवारगंज निवासी सोनू मौर्य की सेलफोन की दुकान का ताला तोड़कर चोर सामान समेट ले गए। चोरी गए सामान में सात हजार रुपया नकद, 20 हजार रुपया कीमत के रीचार्ज कूपन, कंप्यूटर समेत उसका पूरा सिस्टम, लेमीनेशन मशीन, एक सौ से अधिक चार्जर और साउंड सिस्टम शामिल है। चोरों ने घटना को अंजाम देते वक्त दुकान से घर में जाने वाले रास्ते की किवाड़े अंदर से बंद कर ली थीं। इधर, सोनू समेत अमित प्रताप सिंह ने दोनों घटनाओं में लाखों रुपये का नुकसान बताते हुए तहरीर दी है। बता दें कि चोरों ने तीन दिन पहले कुआडांडा गांव निवासी सैनिक के घर से भी डेढ़ लाख रुपये के गहने चुरा लिए थे।
-----
भाजपा नेताओं ने प्रभारी निरीक्षक से की बात
उझानी। चोरी की दो-तीन घटनाओं में भाजपा के ही नेताओं और कार्यकर्ताओं को सर्वाधिक नुकसान हुआ है। हजरतगंज में प्रदीप ठाकुर के घर से करीब 12 लाख रुपये की चोरी हुई थी। चोरी में नगर कमेटी के पदाधिकारी अमित शर्मा, किशनचंद्र शर्मा के भाई दीपक शर्मा और व्यापारी नेता अजय कुमार अग्रवाल की बाइक गईं। अब अमित प्रताप सिंह के ऑफिस में चोरी के बाद नगर अध्यक्ष राहुल शंखधार समेत कई नेता कोतवाली पहुंचे। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक संजय गोयल से बात कर घटनाओं के खुलासे पर जोर दिया।