खुराफातियों ने खिड़की से पेट्रोल डाल कर आग लगाई
शहर से सटे सिविल लाइंस के खेड़ा नवादा की घटना
सिविल लाइंस थाने के गांव खेड़ा नवादा निवासी जहीर अहमद उर्फ लाला पिछले 15 साल से गांव के प्रधान हैं। इस बार उनकी पत्नी नाजरीन चुनाव मैदान में हैं। जहीर अपने घर में एक ओर बने कमरे में बुधवार तड़के सो रहे थे। गली की ओर खुलने वाली कमरे की खिड़की से किसी ने उन पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी। आनन-फानन में जहीर उठ कर भागे। इस दौरान कमरे में रखा काफी सामान राख हो गया। परिवार वालों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया।
जहीर ने खबर पुलिस को दी। पहले नवादा चौकी इंचार्ज सत्यसिंह यादव ने मौका मुआयना किया। बाद में एसओ सिविल लाइंस अजय यादव मौके पर पहुंचे। प्रधान की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एसओ सिविल लाइंस, अजय कुमार यादव ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। प्रधान की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। जिस तरह से आग लगी है उसको देखकर अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। रिपोर्ट दर्ज कर मामले में पड़ताल की जाएगी। मामले में सख्त कार्रवाई होगी। घटना का सच जल्द सभी के सामने होगा।