दुकान बंद करके घर लौट रहे बदायूं के सर्राफ संजय रस्तोगी से बाइक सवार बदमाशों ने लकदी समेत चांदी लूट ली। बदमाशों ने उसकी तमंचे की बट से पिटाई भी की। घायल सर्राफ के शोर मचाने पर भागे बदमाशों ने हवाई फायर भी किया। पुलिस ने घायल सर्राफ का मेडिकल कराके मौके पर जाकर बदमाशों की तलाश में कांबिंग भी की लेकिन बदमाशों का सुराग न हीं लग पाया।
लूट की घटना बुधवार शाम करीब छह बजे की है। बदायूं में चाहमीर मोहल्ला नविासी संजय रस्तोगी (35) पुत्र रामभरोसे रस्तोगी की दुकान कोतवाली क्षेत्र के गांव ननाखेड़ा में है। शाम को दुकान बंद करके सर्राफ संजय रायपुर के रास्ते बाइक से घर को चला, तभी बरेली-मथुरा हाईवे से पहले बुटला संपर्क मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर घेर लिया। अनहोनी की आंशका से संजय बाइक समेत गिर पड़ा। बदमाशों ने उसका थैला छीन लिया। थैला में 35 हजार रुपया नकद और छह सौ ग्राम चांदी के जेवरात थे।
बदमाशों ने थैला छीनने के बाद उसकी जेबों की तलाश भी ली। विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी कनपटी के पास तमंचे की बट मार दी। लहूलुहान सर्राफ की जेब से सेलफोन और एटीएम कार्ड भी निकाल लिया गया। घायल संजय ने शोर मचाया तो बदमाश जंगल के रास्ते फरार हो गए। घटना के बाद रायपुर और बुटला से कई ग्रामीण भी मौके पर आ गए। ननाखेड़ा से भी संजय के परिचित पहुंच गए। उन्होंने घायल सर्राफ को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्साधिकारी निरंजन सिंह ने बताया कि संजय के कनपटी पर गहरी चोट है। उसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया है। इधर, पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जंगल में कांबिंग भी की लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। कोतवाल देवराज राठी का कहना है कि घटना की सच्चाई का पता लगाया जा रहा है।