थाना क्षेत्र के डहरपुरकलां में सर्राफ की दुऌकान में नकब लगाकर चोरों ने नगदी-जेवर समेत 14 लाख रुपये का माल साफ कर दिया। खबर मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। चोरी की घटना से व्यापारियों में रोष है।
डहरपुरकलां निवासी कमल गुप्ता उर्फ लिटिल की मेन बाजार में सर्राफा की दुकान है। गुरुवार को दुकान बंद करने के बाद वह घर चले गए। रात में किसी वक्त चोर दुकान के पीछे से छत पर चढ़ गए। छत पर जाने के बाद चोरों ने जीने के रास्ते इत्मिनान से दुकान की एक दीवार में नकब लगा लिया। दुकान में घुसने के बाद चोरों ने तिजोरी तोड़ ली। तिजोरी से चोरों ने 10 हजार रुपये की नगदी, 15 किलो चांदी और दो सौ ग्राम सोना साफ कर दिया। शुक्रवार सुबह जब कमल गुप्ता दुकान पर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। खबर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना किया है। इंस्पेक्टर कोतवाली जेके तोमर ने बताया कि जांच की जा रही है। घटना का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
दुकान के चप्पे-चप्पे की जानकारी थी चोरों को
दातागंज। चोरों ने जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया उससे साफ है कि चोरों को दुकान के चप्पे-चप्पे की जानकारी थी। चोरों पहले दुकान की छत पर चढ़े। इसके बाद जीने के रास्ते नीचे उतरे। जीने का दरवाजा बंद था। जीने में बैठकर ही चोरों ने एक दीवार में नकब लगाया। दुकान में भीतर घुसने के बाद चोरों ने तिजोरी तोड़ी। तिजोरी का वही दरवाजा तोड़ा जिसमें माल-जेवर रखा था। दूसरे किसी दरवाजे को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया। इससे साफ है कि चोरों को दुकान के बारे में पूरी जानकारी थी।
विजयनगर, इंदिरापुरम के दो घरों में चोरी
बदायूं। चोरों ने गुरुवार की रात शहर के मोहल्ला विजय नगर और इंदिरापुरम में दो बंद पड़े घरों में हाथ साफ कर करीब एक लाख रुपये का माल साफ कर दिया। चोरी की सिलसिलेवार घटनाओं ने पुलिस के साथ पब्लिक की नींद भी उड़ा दी है।
विजयनगर निवासी यशपाल मिनोचा के घर का निर्माण हो रहा है। वह पड़ोस के एक मकान में किराए पर रहते हैं। रात में किसी वक्त चोर ताले तोड़कर निर्माणाधीन मकान में घुस गए। यहां से छत के पांच पंखे, सिलेंडर समेत हजारों रुपये का माल समेट ले गए। पड़ोसी में ही मोहल्ला इंदिरापुरम में चोरों ने शिक्षक इंद्रपाल के बंद घर को निशाना बनाया। इंद्रपाल परिवार समेत ससुराल में गए हुए थे। यहां से भी चोर नकदी-जेवर समेत करीब 90 हजार रुपये का माल समेट कर ले गए। दोनों घटनाओं की जानकारी पुलिस को दी गई है।