फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बलवा और आगजनी में 300 लोगों पर मुकदमा

Tue, 16 Feb 2016 07:49 PM IST
सहसवान (बदायूं)
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
 व्हट्सएप ग्रुप पर भेजे गए धार्मिक पुस्तक के आपत्तिजनक फोटो के बाद कस्बे में हुए बवाल और आगजनी मामले में पुलिस ने सात लोगों को नामजद करते हुए 300 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की पांच टीमों का गठन किया गया। इधर, तनाव के चलते कस्बे का बाजार बंद रहा। स्कूल-कॉलेज पहुंचने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी काफी कम रही।
सहसवान के मोहल्ला नवादा के रहने वाले अरुण पुत्र संजीव ने व्हट्सएप ग्रुप पर धार्मिक पुस्तक का एक आपत्तिजनक फोटो भेजा था। मोहल्ला कटरा शहवाजपुर के फैजान ने यह फोटो देखा और बाकी लोगों को भी दिखाया। इससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों लोग एकत्र होकर सोमवार रात आठ बजे कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने मामले में अरुण के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद सैकड़ों लोगों ने हाइवे जाम कर आगजनी शुरू कर दी। नगर पालिका चेयरमैन हाजी नूरउद्दीन लोगों को समझाने पहुंचे, तो उनकी गाड़ी पर भी पथराव किया गया। उपद्रवियों ने पुलिस के वाहनों को भी नहीं छोड़ा। एसओ सिविल लाइंस अजय यादव समेत दो सरकारी गाड़ियों पर भी पथराव किया गया। तीन घंटे तक कस्बे में उपद्रव होता रहा और अराजकता की स्थिति बनी रही। अराजकतत्वों ने राज्यमंत्री ओमकार सिंह के कार्यालय में भी घुसने की कोशिश की लेकिन वे कामयाब नहीं हुए, कार्यालय के सामने लगे बैनर और फ्लैक्सी उखाड़कर आग के हवाले कर दिया। एसपी सिटी अनिल यादव, एसपी देहात मुन्ना लाल, सीओ उझानी जेएस पाटनी, सीओ दातागंज श्योराज सिंह समेत कई थानों की पुलिस ने पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया। मंगलवार को एसआई मनोज कुमार की ओर से 300 लोगों के खिलाफ इस मामले में मुकदमा कायम कराया गया। इसमें सात लोगों को नामजद किया गया है। उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं।
विज्ञापन

कस्बे के प्रमुख स्थानों पर लगाई गई पीएसी
सहसवान। मंगलवार को सहसवान कस्बा छावनी में तब्दील रहा। तीन एसडीएम, तीन सीओ के साथ 10 थानों की पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए। दूसरे दिन भी कस्बे में दहशत का माहौल रहा। ज्यादातर लोग घरों से नहीं निकले। प्रमुख इलाकों में पुलिस के साथ पीएसी को भी लगाया गया। एसपी देहात मुन्ना लाल पूरा दिन सहसवान में ही कैंप करते रहे।
सहसवान में बवाल और आगजनी के दौरान सोमवार रात ही एसपी सिटी अनिल यादव, एसपी देहात मुन्नालाल, सीओ उझानी जेएस पाठनी, सीओ बिल्सी जगदीश चंद्र पहुंच गए थे। मंगलवार को कानून व्यवस्था बनाए रखने और शंति बहाली के लिए एसडीएम बिल्सी विधान जायसवाल, एसडीएम दातागंज ओपी तिवारी और एसडीएम बिसौली गुलाब चंद्र भी दिन भर यहां जमे रहे। उसहैत, मुजरिया, हजरतपुर, मूसाझाग, उसावां, सिविल लाइंस, उझानी, बिल्सी, उघैती और जरीफनगर एसओ भी दिनच भी सहसवान में जमे रहे। प्रमुख स्थानों पर पीएससी की तैनाती की गई। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है। बलवा और आगजनी के बाद लोग खौफजदा हैं।
कड़ी सुरक्षा के बीच जेल भेजा गया अरुण
बदायूं। व्हट्सएप ग्रुप पर धार्मिक पुस्तक का आपत्तिजनक फोटो डालने के आरोपी सहसवान के मोहल्ला नवादा निवासी अरुण को कड़ी सुरक्षा के बीच जेल भेज दिया। इससे पहले उसे सुरक्षा के मद्देनजर सिविल लाइंस थाने में रखा गया था। यहां से उसे पहले कड़ी सुरक्षा के बीच मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया। बाद में वहां से कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने अरुण को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सहसवान पुलिस ने सोमवार रात ही मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। उसकी जान को भी खतरा बना हुआ था। ऐसे में उसे रात में ही मुख्यालय स्थित सिविल लाइंस थाने भेज दिया गया। अरुण के परिवार वालों को भी पुलिस ने घर से सुरक्षित निकाल कर कोतवाली में बैठा लिया। फिलहाल वह लोग भी सुरक्षित स्थान पर हैं। अरुण को जब सीजेएम कोर्ट लाया गया तो यहां भी भारी भीड़ रही। लोग उसकी एक झलक पाने के लिए उतावले थे।
पुलिस की ढिलाई से बिगड़ गई बात
सहसवान। बलवा इतना बड़ा नहीं होता अगर पुलिस ने पहले ही सख्ती से काम लिया होता। शहवाजपुर चौराहे पर भीड़ जुटती रही, लेकिन पुलिस इसे नजरअंदाज करती रही। बाद में रात करीब साढ़े आठ बजे भीड़ में शामिल अराजकतत्वों ने नेताओं के होर्डिंग्स आदि उतार कर जलाने शुरू कर दिए। यहां भी पुलिस का रवैया सॉफ्ट रहा। इससे उपद्रवियों के हौसले बुलंद हो गए। बाद में उपद्रवियों ने चेयरमैन की गाड़ी समेत पुलिस की दो गाड़ियों पर पथराव कर राज्यमंत्री ओमकार सिंह के दफ्तर में घुसने की कोशिश की। तब पुलिस हरकत में आई, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

आरोपी के घर भी पुलिस तैनात
सहसवान। सुरक्षा के मद्देनजर आरोपी अरुण के घर पर भी दिन भर पुलिस बल की तैनाती रही। सीओ उझानी जेएस पाटनी यहां कैंप करते रहे। अरुण के परिवार वालों को पुलिस ने सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है। बता दें कि हाइवे पर जाम खुलने के बाद कुछ लोगों ने आरोपी के घर पर पथराव कर दिया था। तब पुलिस ने उनको वहां से खदेड़ा था।
विज्ञापन

एसपी देहात मुन्नालाल का कहना है कि स्थिति अब सामान्य है। एहतियात के तौर पर फोर्स को तैनात किया गया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। बलवा और आगजनी करने वालों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें