शराब की दुकान का विरोध
महिलाओं ने किया हंगामा, जाम लगाने की कोशिश, मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ
कन्या इन्टर कॉलेज के पास शराब की दुकान खोलने के विरोध में गुरुवार को कई महिलाओं समेत अनेक लोग सड़कों पर आ गए। भीड़ ने सड़क जाम करना चाहा तो मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोका। इस पर आंदोलनकारी कई घंटों तक दुकान के पास ही जमे रहे। मौके पर पहुंचे एसडीएम बिसौली, सीओ और आबकारी निरीक्षक ने लोगों को समझाबुझाकर शांत किया।
सैदपुर कस्बे में 10 दिन पहले अमरौली रोड के पास नई शराब की दुकान खोलने का कस्बा और आसपास के कई गांवों के लोगों ने विरोध किया था। इस पर आबकारी विभाग के साथ ठेकेदार ने दूसरी जगह तलाश कर करेंगी रोड पर एक पट्टे की जमीन पर नई शराब की दुकान का निर्माण शुरू करा दिया। यहां भी दुकान खोले जाने का विरोध शुरू हो गया। गुरुवार को लोगों ने मौके पर पहुंचकर नई शराब की दुकान हटाने के लिए हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने जाम लगाने की कोशिश की। भीड़ में शामिल महिलाओं का कहना था कि कन्या इंटर कॉलेज के पास शराब की दुकान खोलने से छात्राओं को दिक्कत होगी। इससे आसपास का माहौल भी खराब होगा। हंगामे की सूचना पर एसओ वजीरगंज नरेन्द्र सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। उन्होंने महिलाओं और बच्चों को जाम लगाने से रोक दिया। इस पर कई लोग शराब की दुकान के पास जमा हो गए। उन्होंने अधिकारियों को बुलाने की बात कही। पहले आबकारी विभाग के निरीक्षक नीरज सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से वार्ता की। कहा कि 18 अप्रैल को कोर्ट का आदेश आने पर ही दुकान पर निर्णय हो पाएगा। इस पर लोग लौट गए। दोपहर बाद वहां पहुंचे एसडीएम बिसौली रामदत्त राम और सीओ बिसौली केके सरोज ने पुलिस को आदेश दिया कि अगर कोई यहां हंगामा करे या नुकसान पहुंचाने का प्रयास करता है तो मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाए।