अलापुर। एक किशोरी से उसके मौसेरे भाई ने बलात्कार किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ककराला क्षेत्र की किशोरी 16 वर्षीय किशोरी 20 अक्तूबर को अलापुर कस्बा में रहने वाली अपनी खाला (मौसी) के घर गई थी। घर पर सिर्फ किशोरी का खलेरा (मौसेरा) भाई आसिफ था, जिसकी नीयत बिगड़ गई। वह किशोरी को कमरे में खींच कर ले गया और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसका गला दबाकर हत्या की धमकी दी। दुष्कर्म के बाद पीड़ित किसी तरह से भाग कर अपने घर पहुंची। घटना के बारे में परिवार को बताया। बाद में घटना से आहत किशोरी ने केरोसिन पीकर खुदकुशी करने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर परिवार वालों ने पीड़ित को शहर के एक निजी डॉक्टर के यहां भर्ती कराया। रविवार को पीड़ित की हालत में सुधार होने पर उसके भाई ने अलापुर थाने में आरोपी आसिफ के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
देर में हुई रिपोर्ट
लेकिन पूरे मामले में तीन दिन तक फैसले की बात चलती रही। जब बात नहीं बनी तो शनिवार को किशोरी के भाई ने अलापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी।
बताते हैं आरोपी तीन बच्चों का बाप है। घटना वाले दिन उसका परिवार बाहर था। आरोपी ने फोन कर मौसेरी बहन को अलापुर बुलाया था। किशोरी के भाई के मुताबिक उसने 20 अक्तूबर को ही घर आने के बाद केरासिन पी लिया था। ऐसे में सवाल उठता है कि तहरीर इतनी देर में क्यों दी। लोगों का कहना है कि किशोरी की हालत नहीं बिगड़ी थी। आरोपी पर दबाव बनाने के लिए परिवार वालों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। किशोरी के परिवार वाले भी मामले में फैसला चाहते थे। बात नहीं बनने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
किशोरी के भाई की तहरीर के आधार पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद काफी चीजें साफ हो जाएंगी।-श्योराज सिंह, सीओ दातागंज