ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार देवपाल नाम के छात्र की मौत हो गई। उसका एक साथी गंभीत्त्र घायल हो गया। वह कक्षा 10 का छात्र था और परीक्षा देकर लौट रहा था। हादसा शुक्रवार को थाना क्षेत्र के गांव ईखखेड़ा के बाद हुआ। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मय ट्रैक्टर के मौके से भाग गया।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव लोथर निवासी देवपाल (18) पुत्र रामस्वरूप और उसक चचेरा भाई भीकम (17) पुत्र हरस्वरूप उघैती के माधोराम इंटर कॉलेज में कक्षा 10 के छात्र थे। इस कॉलेज का हाईस्कूल का सेंटर रुदायन के नेहरू इंटर कॉलेज गया था। शुक्रवार को दोनों भाई बाइक से परीक्षा देने गए थे। परीक्षा खत्म होने के बाद करीब 11 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में ईखखेड़ा गांव के पास इनकी बाइक को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में देवपाल की मौके पर मौत हो गई और भीकम घायल हो गया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मय ट्रैक्टर के मौके से भाग गया। भीकम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देवपाल का शव पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा है। घटना के बाद देवपाल के परिवार में कोहराम का माहौल है। परिवार वालों ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी है।