जुनावई ब्लाक क्षेत्र के एक गांव पर कार्यरत प्रेरक का शोषण कर ब्लाक समन्वयक द्वारा रुपये मांगे जाने पर दोनों में झगड़ा हुआ। बाद में प्रेरक ने समन्वयक की खंड विकास अधिकारी सेे शिकायत की है।
शुक्रवार को ब्लाक मुख्यालय में प्रेरक ओमप्रकाश, नीरेश, राकेश आदि ने समन्वयक रमेश यादव को घेर लिया। मामला हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गया। जैसे-तैसे वहां मौजूद लोगों ने प्रेरकाें और रमेश को अलग किया गया। प्रेरक पूरन सिंह ने रमेश यादव के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में गुन्नौर उपजिलाधिकारी को भी अवगत करा दिया गया है।
खंड विकास अधिकारी जय सिंह यादव ने बताया बदायूं जिले के भारत साक्षरता मिशन में काम रहे ब्लाक समन्वयक रमेश यादव पर आरोप है कि वे प्रेरकों का शोषण करने के बाद उनसे वसूली करते हैं। उन्हें कई बार शिकायत मिल चुकी है। इसी प्रकार जुनावई ब्लाक के गंगुर्रा के रहने वाले प्रेरक पूरन सिंह ने रमेश पर आरोप लगाया है। वहीं रमेश यादव का कहना है कि आरोप निराधार हैं। जो प्रेरक आरोप लगा रहा है, वो उन्हें मिला ही नहीं।
दो ट्रैक्टरों के बीच बाइक फंसी, शिक्षामित्र घायल
जरीफनगर / दहगवां (बदायूं)। गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव दुबारी कलां पेट्रोल पंप के पास दो ट्रैक्टरों के आमने-सामने आने पर बीच में बाइक सवार फंस गए। इसमें बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे अलीगढ़ भेजा गया है। जबकि दूसरे को जुनावई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जुनावई चौकी प्रभारी सतेंद्र सिंह ने बताया सोवनपुर निवासी एक किसान अपना गन्ना लेकर रजपुरा को जा रहा था। वहीं थाना धनारी के गांव भइयापुर का किसान ट्रैक्टर लेकर थाना जरीफनगर की तरफ जा रहा था। तभी गुन्नौर थाने में पड़ने वाले दुबारी कलां पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर दोनों ट्रैक्टरों के बीच गांव चबूतरा के रहने वाले शिक्षामित्र रामवीर सिंह और घोंसली निवासी उमेश गुप्ता मय बाइक फंस गए। रामवीर को गंभीर चोट आई। इससे कुछ देर यातायात भी प्रभावित हुआ।