नगर पंचायत उसावां में नियमों को ताक पर रखकर तालाब में मकान बनाने को जमीन लीज पर दे दी। अब उस जमीन का बैैनामा भी हो गया। वर्तमान में इस जमीन का उपयोग व्यवसायिक रूप में हो रहा है।
उसावां नगर पंचायत में एक गड़बड़ी और उजागर हुई है। वर्ष 1991-92 में तत्कालीन चेयरमैन ने नगर पंचायत की भूमि संख्या 1468 जो कि तालाब के लिए आरक्षित है को भगवान सिंह पुुत्र रघुनाथ सिंह के लिए आवास बनाने को लीज पर दे दी। नियमत: तालाब की जमीन न तो श्रेणी बदल सकती है और न ही किसी अन्य उपयोग में लायी जा सकती है। लगभग सात-आठ साल पहले लीज पर लेने वाले भगवान सिंह की मौत हो गई। बाद में उनके पुत्र मुन्ना सिंह ने इस जमीन का बैनामा वर्तमान चेयरमैन रामप्रकाश कश्यप को कर दिया। वह यहां पर भवन बनाकर मेडिकल स्टोर और अन्य व्यवसायिक कार्य कर रहे हैं। बता दें कि कई बार शिकायतों के बाद डीएम ने नगर पंचायत उसावां को दस बिंदुओं पर जांच कराई है। जांच नायब तहसीलदार सतीश चंद्र कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट में उन्होंने इस मामले को गंभीर अनियमितता माना है।