दो चोर गिरफ्तार, चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली सफलता
यह वारदात बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे हुई। पंजाबी कालोनी निवासी कमलदीप बब्बर की बिल्सी रोड बाजार में पान मसाला की थोक की दुकान है। कमलदीप ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम उन्होंने अपनी बाइक दुकान के सामने खड़ी की थी। कुछ देर बाद उन्होंने देखा तो बाइक गायब थी। आसपास के लोगों से पूछने पर पता चला कि तीन युवक बाइक लेकर कछला की ओर गए हैं। कमलदीप ने बाइक चोरी की सूचना कोतवाली जाकर पुलिस को दी। चूंकि चोर कछला की ओर भागे थे, जिससे कोतवाली से कछला चौकी इंचार्ज को फोन कर दिया गया। कछला चौकी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान कमलदीप की बाइक बरामद कर ली। मौके पर दो चोर भी दबोच लिए गए। इनमें अयोध्यागंज निवासी जैकी और जीशान गिहार हैं। जीशान मूल रूप से कासगंज के सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव नगरिया का रहने वाला है। फरार हुआ तीसरा चोर कासगंज के सहावर निवासी राजेंद्र गिहार है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों चोरों से अन्य घटनाओं के बारे में पूछताछ की। तीन दिन पहले पुरानी अनाज मंडी में प्रशांत गुप्ता की बाइक चोरी हो गई थी। दरोगा अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जैकी ने बाइक का लॉक तोड़ा था।
ट्रक का बैटरा चुराते युवक दबोचा
उझानी। बृहस्पतिवार रात श्रीनारायनगंज मोहल्ले के मिल कंपाउंड में सत्यप्रकाश का ट्रक खड़ा था। शाम को एक युवक ने ट्रक का बैटरा खोल लिया। उसे बैटरा चुराते देख राहगीरों ने शोर मचा दिया, जिससे चोर को मौके पर ही दबोच लिया गया। लोगों ने उसे जमकर पीटा और कोतवाली ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया।े