मथुरा की बरसाना पुलिस के साथ सहसवान पहुंची फतेहपुर सीकरी थाना (आगरा) पुलिस यहां से बरामद दो ट्रैक्टर में से एक ट्रैक्टर-ट्राली को अपने साथ ले गई।
गिरोह के सदस्यों के संबंध एक ‘माननीय’ से होने के चलते पुलिस बिना कोई गिरफ्तारी किए सिर्फ बरामद माल लेकर ही लौट गई। माननीय की हनक के आगे मथुरा और आगरा पुलिस लाचार दिखी।
मालूम हो कि बरसाना पुलिस ने रविवार को सहसवान कोतवाली के गांव सिलहरी और हरीपुर में छापा मारकर मथुरा से लूटे गए दो ट्रैक्टर बरामद किए थे। मगर पुलिस इनकी खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के एक भी सदस्य को गिरफ्तार करने में नाकाम रही थी।
चोरी और लूट के ट्रैक्टरों को खरीदने बेचने का काम इलाके में काफी समय से चल रहा है। गिरोह के सरगना और उसके सदस्यों के एक ‘माननीय’ से गहरे ताल्लुकात होने के कारण पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करने से बच रही है।
मथुरा पुलिस की छापामारी में दो ट्रैक्टरों के बरामद होने के बाद लोगों को लग रहा था कि अब पुलिस के हाथ ऐसे लोगों तक जरूर पहुंचेंगे। मथुरा पुलिस के साथ आए बदमाशों ने सहसवान इलाके में ट्रैक्टर खरीदने वालों के नाम भी पुलिस को बताए, लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने की हिम्मत नहीं जुटा सकी।
रविवार देर रात ही मथुरा जिले के बरसाना थाने की पुलिस फतेहपुर सीकरी, आगरा के एसआई रामकुमार के साथ सहसवान से बरामद आयशर ट्रैक्टर को अपने साथ ले गई। एसआई रामकुमार ने बताया कि यह आयशर ट्रैक्टर 13 जनवरी, 2015 को गांव खेड़ा जाट से चोरी किया गया था।