मोहम्मद साहब पर आपत्तिजनक टिप्पणी वाले व्हाट्सएप मैसेज को लेकर बवंडर शनिवार सुबह से थमा नजर आया। समुदाय विशेष के इलाकों में पुलिस की चौकसी भी दिखी। हालात पर नजर जमाए पुलिस फोर्स ने लोगों को संयम बरतने की सलाह दी है।
शनिवार सुबह में दुकानदार प्रतिष्ठान खोलने बाजार पहुंचे तो सबसे पहले उन्होंने हालात पर गौर किया। समुदाय विशेष की बहुतायत वाले बिल्सी रोड बाजार में दुकानें खोलीं तो रौनक लौट आई। रोज की तरह चहलकदमी भी देखने को मिली। पुलिस फोर्स बाजार में मुस्तैद रहा। घंटाघर चौराहे पर कोतवाल रामसूरत यादव के साथ पीएसी के जवान भी गश्त पर रहे। पुलिस कर्मियों ने दुकानदारों से भी बात की। किसी तरह की अफवाह पर गौर नहीं करने की भी सलाह दी गई। मस्जिदों के मौलाना और हाफिज भी समुदाय के लोगों से मिले। मौलाना आतिफ और हाफिज अब्दुल बदूद ने कहा कि गुस्से से किसी से मसले का हल नहीं निकल सकता।
बता दें कि बृहस्पतिवार शाम को व्हाट्सएप मैसेज के जरिए मोहम्मद साहब पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इस मामले को लेकर समुदाय विशेष में रोष फैल गया। बिल्सी रोड बाजार भी बंद रहा था। इस मामले में निसार अहमद ने नगर निवासी दो युवकों को नामजद भी कराया था। इधर, कोतवाल ने बताया कि हालात पूरी तरह सामान्य हैं। पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई कर रही है।
12 जनवरी को सरेंडर करेगा राहुल आहूजा!
उझानी। व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक मैसेज में मामले में नामजद राहुल आहूजा को कोतवाली पुलिस की टीम ने शुक्रवार शाम को हरिद्वार के ज्वालापुर से हिरासत में ले लिया था लेकिन वहां लोगों की भीड़ जमा हो जाने और भारी विरोध होने पर उसे छोड़ दिया था। हालात बिगड़ते देख हरिद्वार पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा था। तब तय हुआ कि राहुल खुद 12 जनवरी को कोर्ट में सरेंडर कर देगा। इसके बाद हरिद्वार गई पुलिस टीम शनिवार को लौट आई।