रोडवेज बस अड्डा से शनिवार की दोपहर गुजर रहे एसपी जाम देखकर कार से उतर गए। बस अड्डा के सामने डग्गामार बस को खड़े देखकर उनका एकदम पारा हाई हो गया। उन्होंने खुद बस के कागजात चेक करके उसे सीज करने के आदेश कर दिए। एसपी के जाने के बाद चेकिंग करके दो और डग्गामार बसों को सीज किया गया। एसपी के चेकिंग करने की खबर सुनकर महकमे में हड़कंप मच गया।
रोडवेज बस अड्डा पर एसपी के चेकिंग करने का संदेश सुनकर सीओ ट्रैफिक उमेश यादव, इंस्पेक्टर सदर जेपी तिवारी और क्राइम ब्रांच प्रभारी हिमांशु निगम रोडवेज पहुंच गए। एसपी ने रोडवेज के सामाने खड़ी डग्गामार बस के चालक की जमकर डांट लगाई। उन्होंने कहा कि रोडवेज बस अड्डा से एक किमी की परिधि में वह अपनी बस खड़ी नहीं कर सकते हैं। काफी देर तक वह वहां से गुजरने वाले वाहनों को चेक करते रहे। संदेश मिलने के बाद भी टीएसआई के मौके पर न पहुंचने पर उन्हें सुनाते हुए एसपी निकल गए। उनके जाने के बाद टीएसआई रोडवेज पहुंचे। बाद में डग्गामार बसों के खिलाफ काफी देर अभियान चलाया गया। कुल तीन बसों को सीज कर दिया गया।